पिछली बार रविराज की टिकट मैंने ही कटवाई थी, पर अब तिवसा में बदलाव होगा

विधायक रवि राणा ने किया सनसनीखेज दावा, मचा राजनीतिक हडकंप

* रविराज देशमुख को बताया भाजपा का समर्पित सिपाही, अगली बार विधायक बनाने की बात कही
अमरावती/दि.7- अपने बयानों एवं दावों से हमेशा ही हडकंप मचाते हुए खबरों एवं चर्चाओं में रहनेवाले बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रवि राणा ने आज एक बार फिर एक बेहद सनसनीखेज दावा किया है. जिससे अच्छी-खासी राजनीतिक खलबली मची हुई है. भाजपा के पूर्व ग्रामीण जिलाध्यक्ष रविराज देशमुख के जन्मदिवस पर आयोजित अभिष्टचिंतन समारोह में हिस्सा लेते हुए विधायक रवि राणा ने जहां एक ओर रविराज देशमुख को भाजपा का समर्पित सिपाही बताते हुए उनकी जमकर प्रशंसा की, वहीं दूसरी ओर उपस्थितों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि, रविराज देशमुख का पिछली बार ही विधायक बनना लगभग तय था. लेकिन खुद उन्होंने ही रविराज देशमुख की टिकट कटवाई थी. लेकिन अब अगली बार तिवसा निर्वाचन क्षेत्र में निश्चित तौर पर बदलाव होगा तथा जनता के आशीर्वाद से रविराज देशमुख निश्चित तौर पर विधायक बनेंगे.
विधायक रवि राणा द्वारा दिए गए इस बयान से जिले सहित राज्य में राजनीतिक हडकंप वाली स्थिती है. बता दे कि, इस समय तिवसा निर्वाचन ंक्षेत्र से भाजपा के ही राजेश वानखडे विधायक निर्वाचित है और विधायक रवि राणा द्वारा अगली बार तिवसा निर्वाचन क्षेत्र में बदलाव होने का दावा करते हुए रविराज देशमुख को भाजपा का टिकट दिलवाने की बात कही गई. जिसके चलते माना जा रहा है कि, अब विधायक रवि राणा ने तिवसा क्षेत्र के विधायक राजेश वानखडे के खिलाफ अपना मोर्चा खोल लिया है.
यहां यह विशेष उल्लेखनिय है कि, विधायक राजेश वानखडे सीधे तौर पर भाजपा से वास्ता रखते है. वहीं विधायक रवि राणा की युवा स्वाभिमान पार्टी राज्य की सत्ता में भाजपा के साथ महायुती में सहभागी है. लेकिन इसके बावजूद विधायक रवि राणा द्वारा यह दावा किया गया कि, खुद उन्होंने पिछली बार रविराज देशमुख को मिलनेवाली भाजपा की टिकट कटवाई थी. लेकिन अब वे ही रविराज देशमुख को भाजपा की टिकट दिलवाएंगे. साथ ही रविराज देशमुख की जीत के लिए पूरी ताकत भी लगाएंगे. विधायक राणा के इस बयान का एक अर्थ यह भी निकाला जा रहा है कि, चुनाव के समय टिकट वितरण की प्रक्रिया में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के कामकाज में विधायक राणा का भी हस्तक्षेप व प्रभाव था. हालांकि इसे लेकर भाजपा की ओर से अभी तक कोई अधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है.


* वक्त आने पर सभी बातों का योग्य जवाब दूंगा
इस संदर्भ में प्रतिक्रिया हेतु संपर्क किए जाने पर तिवसा निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेश वानखडे ने विधायक राणा के बयान पर तुरंत ही कुछ भी कहने से इंकार करते हुए कहा कि, वे योग्य समय आने पर सभी बातों का जवाब देंगे. साथ ही इस संदर्भ में पार्टी नेतृत्व से भी बात करेंगे.

Back to top button