अमरावती मनपा में 43 उर्दू शिक्षकों की भर्ती
शुरु हुई पारदर्शी प्रक्रिया, पवित्र पोर्टल पर आवेदन

* मनपा को सीधे सरकार से मिलेगी पात्र अभ्यर्थियों की सूची
अमरावती/दि.7 – स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं द्वारा संचालित शालाओं में अध्यापकों और शिक्षक सेवक भर्ती प्रक्रिया शुरु हो गई है. समस्त राज्य में सरकार 30,209 पदों की भर्ती करने जा रही है. अमरावती महानगर पालिका में उर्दू माध्यम के 43 अध्यापकों की भर्ती होनी है. उसकी प्रक्रिया शुरु हो जाने की जानकारी मनपा के शिक्षाधिकारी प्रकाश मेश्राम ने अमरावती मंडल से बातचीत में दी. उन्होंने बताया कि, संपूर्ण पारदर्शिता के साथ राज्य शासन के पवित्र पोर्टल पर आवेदन किए जा रहे हैं. उसकी चयनित उम्मीदवारों की सूची मेरिट आधार पर तैयार होगी. मनपा को शासन से सीधे चयनित प्रत्याशियों की सूची प्राप्त होगी. महापालिका को केवल कागजात का सत्यापन कर नियुक्ति देना है.
उल्लेखनीय है कि, स्थानीय स्वराज्य संस्था, निजी प्रबंधन और आदिवासी विकास विभाग की शालाओं में कुल 30,209 अध्यापक, शिक्षक सेवक भर्ती किए जाने है. इसकी प्रक्रिया पवित्र पोर्टल द्वारा शुरु हो जाने की जानकारी शालेय शिक्षा सचिव सच्चिंद्रप्रताप सिंह ने दी. उन्होंने बताया कि, उम्मीदवारों आगामी 11 अगस्त तक अपना पसंदीदा क्रम लॉक करना बंधनकारक है.
टीएआईटी 2025 परीक्षा पिछले वर्ष 27 मई-5 जून दौरान ऑनलाइन हुई थी. 1,70,108 उम्मीदवारों ने स्वप्रमाणपत्र प्रक्रिया पूर्ण की है. भर्ती हेतु जिला परिषद की 13,351 महापालिका के 1,954, निजी स्कूलों के 12,148, आदिवासी विकास विभाग के 2,421 और शासकीय विद्यानिकेतन के 56 तथा नगर पालिकाओं के 280 पदों की भर्ती की जानी है. जिनमें से 19,881 पद वगैर इंटरव्यू भरे जाएंगे. केवल 10,328 पदों के ही इंटरव्यू पश्चात अपॉइंटमेंट होंगे. स्पष्ट है कि, सरकार केवल और केवल मेरिट आधार पर ही भर्ती करने जा रही है. जिसके लिए करीब 20 हजार पोस्ट इंटरव्यू लिए बगैर फिलअप होगी.





