अत्यावश्यक माल ढुलाई हेतु ’नो एंट्री’ अधिसूचना में छूट दी जाएं

विधायक संजय खोडके, विधायक सुलभा खोडके की मांग

* सर्कीट हाउस पर पुलिस और ट्रांसपोर्टर्स के बीच चर्चा
अमरावती/दि.7- अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध यानी ’नो एंट्री’ लगाए जाने से माल ढुलाई सेवा पूरी तरह ठप्प हो गई है. इस समस्या को लेकर अमरावती की विधायक सौ. सुलभाताई खोडके और विधान परिषद विधायक संजय खोडके ने शासकीय विश्रामगृह में पुलिस विभाग और ट्रांसपोर्ट धारकों के साथ बैठक की.
बैठक में पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, सहायक पुलिस आयुक्त ट्रैफिक संजय खताळे, यातायात पुलिस निरीक्षक वैभव पानसरे, तहसीलदार विजय लोखंडे के साथ-साथ व्यापारी संघों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद थे.
* विधायकों ने रखे सुझाव
विधायक संजय खोडके ने पुलिस यातायात विभाग को वर्तमान अधिसूचना की फेररचना करने के निर्देश दिए. शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखते हुए ’नो एंट्री’ अधिसूचना में थोड़ी छूट देकर अत्यावश्यक माल वाहतूक सेवा को फिर से शुरू किया जाए. अन्य महानगरों की ’नो एंट्री’ अधिसूचना का अध्ययन कर अमरावती में भी वैसी व्यवस्था लागू की जाए. भारी, हल्के और मध्यम माल वाहतूक के लिए ’नो एंट्री’ के निर्धारित समय में विभाजन किया जाए. शहरवासियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 3-4 घंटे के निर्धारित समय में ’नो एंट्री’ में छूट देकर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को सुचारू किया जाए.
* ट्रांसपोर्टधारकों की कैफियत
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विधायकों के सामने अपनी शिकायत रखी. उन्होंने कहा कि यातायात नियंत्रित करना पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन उचित कार्रवाई न करके ’नो एंट्री’ के नाम पर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि रात 10 बजे ’नो एंट्री’ हटते ही एक साथ सभी भारी वाहन निकलने से फिर से जाम की स्थिति बन सकती है. इसलिए समय का विभाजन जरूरी है. यश खोडके, अमरावती महानगर चेंबर अध्यक्ष सुरेश जैन, क्रेडाई अध्यक्ष राजन पाटील, मोटर चालक मालक माल वाहतूक एसोसिएशन अध्यक्ष मेराजखान पठाण, कॉन्ट्रॅक्टर एसोसिएशन अध्यक्ष आर.डी. गुल्हाने, मिनी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र डेहनकर सहित शहर की कई व्यापारी और ट्रांसपोर्ट संघों के पदाधिकारी उपस्थित थे.

Back to top button