अमरावती में स्थापित हो ‘भारत बटालियन’ केंद्र

सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह से की मांग

* अचलपुर को सुरक्षा दृष्टि से बताया उपयुक्त स्थान
अमरावती/ दि. 8- राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री डॉ. अनिल बोंडे से मुलाकात कर अमरावती जिले की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने संबंधी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा. इस अवसर पर उनके साथ डॉ. वसुधा बोंडे भी उपस्थित थीं.
सांसद डॉ. बोंडे ने केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष अमरावती जिले के अचलपुर तहसील क्षेत्र में ‘भारत बटालियन’ केंद्र स्थापित करने की प्रमुख मांग रखी. उन्होंने कहा कि अमरावती और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए इस प्रकार का सुरक्षा केंद्र स्थापित किया जाना समय की मांग है. ज्ञापन में बताया गया कि अचलपुर क्षेत्र में भारत बटालियन केंद्र की स्थापना होने से अमरावती जिले सहित आसपास के संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा. साथ ही किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा बलों की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे नागरिकों को तत्काल सहायता मिल सकेगी.
सांसद डॉ. बोंडे ने केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया कि विदर्भ क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस केंद्र की स्थापना से न केवल सुरक्षा तंत्र मजबूत होगा, बल्कि क्षेत्र में रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विकास को भी गति मिलेगी.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए विषय का परीक्षण कराने का आश्वासन दिया. इस मुलाकात को अमरावती जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
खास बात यह रही कि इस समय सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को इस जानकारी से भी अवगत कराया कि वे अमरावती में इस बार भाजपा की ओर से सबसे बडी दहीहांडी का आयोजन करने जा रहे है. अमरावती शहर सहित जिले के सभी भाजपाईयों ने एक साथ मिलकर उनके समक्ष अमरावती में सबसे बडी दहीहांडी का आयोजन करने की संकल्पना रखी थी. ऐसे में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस आयोजन हेतु हामी भरी. इस जानकारी पर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रसन्नता जताई और धूमधाम के साथ यह आयोजन करने हेतु कहा. जिसमें पार्टी की ओर से हर संभव योगदान देने की बात भी कही.

Back to top button