चाइना मांझे की चपेट में आई घार, समाजसेवी राजाभैया चौधरी ने बचाई जान

पेड़ में फंसे घायल पक्षी को सुरक्षित नीचे उतारकर दिया प्राथमिक उपचार

* स्वस्थ होने के बाद खुले आसमान में छोड़ा जाएगा
अमरावती/दि.8- शहर के चपराशीपुरा क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 9 बजे चाइना मांझे की वजह से एक घार पक्षी घायल होकर पीपल के पेड़ में फंस गया. पेड़ पर पक्षी को तड़पता देख स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी समाजसेवी राजाभैया चौधरी को दी. उन्होंने घायल घार को अथक प्रयास कर सुरक्षित नीचे उतारा. अभी उस पर उपचार जारी है. दो दिनों में स्वस्थ होने के बाद उसे आजाद कर दिया जाएगा.
जानकारी के मुताबिक संबंधितों द्वारा सूचना मिलते ही राजाभैया चौधरी मौके पर पहुंचे और बांस की मदद से काफी सावधानीपूर्वक घायल घार को पेड़ से सुरक्षित नीचे उतारा. इसके बाद उन्होंने पक्षी को प्राथमिक उपचार दिया. घायल होने के कारण घार फिलहाल उड़ने की स्थिति में नहीं है. इसलिए राजाभैया चौधरी ने उसे अपने निवास स्थान पर सुरक्षित रखते हुए उसकी देखरेख शुरू की है. बताया गया कि अगले दो दिनों में जब पक्षी पूरी तरह स्वस्थ होकर उड़ने की स्थिति में आ जाएगा, तब उसे खुले आसमान में आजाद कर दिया जाएगा.
* चाइना मांझे से पक्षियों की जान को खतरा
चाइना मांझे के कारण पक्षियों के घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं. पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होने वाला यह धारदार मांझा पेड़ों, बिजली के तारों और खुले स्थानों पर फंसकर पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है. घायल घार को बचाने के इस कार्य में संजय चौधरी, मनीष पाली, सोनू शिवपुरे और सर्वेश चौधरी ने भी सहयोग किया. स्थानीय नागरिकों ने घायल पक्षी को समय पर बचाने और उसकी देखभाल करने के लिए राजाभैया चौधरी एवं उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की. साथ ही नागरिकों से पक्षियों और अन्य जीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चाइना मांझे का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई है.

Back to top button