एसी रिपेयर की दुकान में भीषण विस्फोट, युवक की मौत
परतवाड़ा के तिलक चौक क्षेत्र की घटना

परतवाड़ा/अचलपुर/ दि. 10 – जुड़वा शहर परतवाड़ा-अचलपुर के तिलक चौक क्षेत्र में रविवार शाम एक एसी रिपेयर की दुकान में हुए भीषण विस्फोट में 35 वर्षीय मैकेनिक प्रवीण डवले की दर्दनाक मौत हो गई. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उनका एक पैर शरीर से अलग होकर दूर जा गिरा. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार तिलक चौक स्थित अपनी दुकान में प्रवीण डवले एसी एवं अन्य विद्युत उपकरणों की मरम्मत तथा फिटिंग का कार्य करते थे. रविवार शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच वे एक वातानुकूलित यंत्र के कंप्रेसर पर काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एसी में गैस भरने की प्रक्रिया के दौरान हादसा हुआ, हालांकि कुछ लोगों ने सिलेंडर फटने की भी आशंका जताई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विस्फोट कंप्रेसर में हुआ बताया जा रहा है.
* विस्फोट से मचा हड़कंप
धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोगों को किसी बड़े हादसे का अंदेशा हुआ और वे घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. दुकान का सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर इधर-उधर बिखर गया. हादसे के बाद प्रवीण के शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा. स्थानीय नागरिकों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलते ही अग्निशमन दल, पुलिस और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई.
* तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक प्रवीण डवले तीन बच्चों के पिता थे. उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल तथा उनके निवास पर पहुंच गए. पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल व्याप्त है.
* घनी आबादी के बीच हुआ हादसा
जिस स्थान पर यह विस्फोट हुआ, वह क्षेत्र काफी घनी आबादी वाला और व्यस्त इलाका माना जाता है. राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान में परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था, अन्यथा जनहानि और अधिक हो सकती थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
* बारूद के ढेर पर बसा तिलक चौक?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तिलक चौक, श्रीनिवास मार्ग, वकील लाइन और पट्टलवार लाइन जैसे क्षेत्र शहर के प्रमुख आवासीय इलाकों में गिने जाते हैं. बावजूद इसके, पिछले कुछ वर्षों से यहां आगजनी और विस्फोट जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं. कुछ वर्ष पूर्व श्रीनिवास मार्ग में हुए भीषण अग्निकांड में कई लोगों की जान गई थी.
रविवार को जिस दुकान में विस्फोट हुआ, उसके समीप ही पटाखों की दुकानें भी संचालित हैं. नागरिकों का आरोप है कि आवासीय क्षेत्र में खुलेआम विस्फोटक सामग्री का कारोबार किया जा रहा है, जबकि नियमों के अनुसार ऐसे व्यवसायों को घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रविवार के विस्फोट की चपेट में कोई पटाखा दुकान आ जाती, तो स्थिति और भयावह हो सकती थी. नागरिकों ने नगर प्रशासन और पुलिस से क्षेत्र में संचालित पटाखा दुकानों तथा अन्य संभावित खतरनाक गतिविधियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
पुलिस थाना भी घटनास्थल से अधिक दूर नहीं है. ऐसे में स्थानीय रहवासियों का मानना है कि सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को समय रहते ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.





