महाराष्ट्र में फिर बढ़ेगा बारिश का जोर
7 जिलों में यलो अलर्ट

मुंबई/पुणे/दि.8 – महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से बारिश थमने के कारण उमस और गर्मी बढ़ गई थी. अब राज्य के कई हिस्सों में एक बार फिर बारिश का जोर बढ़ने के संकेत हैं. भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को नाशिक और जलगांव समेत मराठवाड़ा के सात जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार नाशिक, जलगांव, जालना, परभणी, हिंगोली, लातूर और नांदेड में शनिवार को कुछ स्थानों पर गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है. प्रशासन ने इन जिलों के नागरिकों से मौसम खराब होने पर सावधानी बरतने की अपील की है.
* कोंकण-मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश
यलो अलर्ट वाले जिलों के अलावा कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के शेष हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. बारिश से कुछ इलाकों में बढ़ती गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.
* बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के आसपास समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्राकार हवाओं की स्थिति बनी हुई है. इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र के पास एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इस मौसम प्रणाली की आगे की दिशा और उसकी तीव्रता पर महाराष्ट्र में आने वाले दिनों की बारिश काफी हद तक निर्भर करेगी.