जुलूसे मिलादुन्नबी की तैयारियां शुरू, कमेटी का गठन

हाजी मोहम्मद अशफाक बने अध्यक्ष, हाजी अफसर बेग सर को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी

* 26 या 27 अगस्त को निकलेगा भव्य जुलूस, शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील
अमरावती/दि.8 – प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर अमरावती में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ भव्य जुलूसे मिलादुन्नबी निकाला जाएगा. चांद दिखाई देने के अनुसार यह जुलूस 26 या 27 अगस्त को आयोजित किया जाएगा. आयोजन की तैयारियों को लेकर मस्जिद मिस्कीन शाह ट्रस्ट के तत्वावधान में मिलादुन्नबी कमेटी का गठन किया गया है. कमेटी के अध्यक्ष पद पर हाजी मोहम्मद अशफाक को नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. हफीज और नजमोद्दीन सरकार को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. हाजी अफसर बेग सर को मुख्य सचिव तथा मोहम्मद इकबाल को सह-सचिव बनाया गया है. वहीं सैय्यद निसार को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
कमेटी के सदस्यों में उमर खान, आरिफ हुसैन सुबेदार, मोहम्मद अय्यूब खान, मोहम्मद सिराज बाली, इस्माईल रारानी, हाजी रिजवान, हाजी मुश्ताक, वसीम रजा, कासिम मेमन, इलियास भाई, नवाज टेल्स, रफीक भाई इंटवाले और इलियास मेमन सहित अन्य समाजसेवी शामिल हैं.
कमेटी के अनुसार ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर निकलने वाला भव्य जुलूस हाथीपुरा स्थित मस्जिद मिस्कीन शाह मैदान से सुबह 9 बजे प्रारंभ होगा. जुलूस शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए मद्रासी बाबा दरगाह मैदान पहुंचेगा. वहां पर परचम कुशाई और सलातो-सलाम की रस्म अदा किए जाने के बाद कार्यक्रम का समापन होगा. सिरतुन्नबी कमेटी ने सभी मुस्लिम समाज बंधुओं से बड़ी संख्या में जुलूस में शामिल होने का आह्वान किया है. साथ ही जुलूस को शांतिपूर्ण, अनुशासित और धार्मिक गरिमा के अनुरूप आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया है.
कमेटी ने लोगों से डीजे और आतिशबाजी से परहेज करने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. आयोजकों ने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी का संदेश प्रेम, भाईचारे, शांति और मानवता का है, इसलिए जुलूस को भी उसी भावना के साथ संपन्न किया जाएगा.
कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि जुलूसे मिलादुन्नबी केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है. उन्होंने सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए जुलूस को सफल बनाने में सहभागिता का आह्वान किया. आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अमरावती में ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस शांतिपूर्ण, अनुशासित और भव्य रूप से संपन्न होगा तथा समाज में सद्भावना का संदेश देगा.

Back to top button