मुथूट गोल्ड घोटाले से लेकर पटवारी के घर फायरिंग तक हर मामले की जड़ तक पहुंचेगी जांच

पुलिस आयुक्त राकेश ओला का मीडिया से संवाद में कथन

* अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए अमरावती पुलिस का बड़ा अभियान
* ड्रग्स नेटवर्क पर राजस्थान तक कार्रवाई, एमडी तस्करों के खिलाफ सख्त कदम
* शहर में जल्द लागू होंगे नए वन-वे और नो-एंट्री नियम, आज-कल में जारी होगा आदेश
अमरावती/दि. 10 – शहर में लगातार सामने आ रहे संगीन अपराधों, मादक पदार्थों की तस्करी, आर्थिक घोटालों और हालिया फायरिंग की घटनाओं के बीच पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने सोमवार को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ विशेष संवाद कर कानून-व्यवस्था की स्थिति और पुलिस की कार्रवाईयों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अमरावती पुलिस केवल अपराध दर्ज कर आरोपी पकड़ने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर मामले की तह तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी घटना के बाद त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अपराध के पीछे सक्रिय पूरे गिरोह की पहचान कर उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं.
* मुथूट फिनकॉर्प गोल्ड घोटाले की गहराई तक पहुंचेगी जांच
हाल ही में सामने आए मुथूट फिनकॉर्प गोल्ड घोटाले का उल्लेख करते हुए पुलिस आयुक्त ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी के शाखा प्रबंधक को हिरासत में लिया. इसके बाद मामले में शामिल दो अन्य कर्मचारियों को भी गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान दो सराफा कारोबारियों के पास से करीब 90 ग्राम सोना बरामद किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे घोटाले में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा सोने की हेराफेरी का नेटवर्क कितना बड़ा था. सीपी ओला ने कहा कि आर्थिक अपराधों में केवल प्रत्यक्ष आरोपियों तक सीमित रहने के बजाय पूरी साजिश और उससे जुड़े सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
* विपुल ठाकरे फायरिंग कांड की जांच के लिए विशेष टीम गठित
निलंबित पटवारी विपुल ठाकरे के घर पर हुई फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने बताया कि मामले की जांच के लिए दो पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) सहित विशेष टीम गठित की गई है. उन्होंने कहा कि जांच टीम विपुल ठाकरे से जुड़े सभी विवादों, पुराने मामलों, व्यक्तिगत और आर्थिक संबंधों तथा संभावित दुश्मनी के पहलुओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, आर्थिक विवाद, पेशेवर दुश्मनी या कोई अन्य कारण तो नहीं है.
* जम्मू-कश्मीर से जारी पिस्तौल लाइसेंस की भी जांच
पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने खुलासा किया कि विपुल ठाकरे के पास पिस्तौल रखने के लिए जम्मू-कश्मीर से जारी हथियार लाइसेंस पाया गया है. उन्होंने कहा कि इस लाइसेंस की वैधता, जारी होने की प्रक्रिया तथा उससे संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है. यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी.
* ड्रग्स तस्करों के खिलाफ राजस्थान तक पहुंची अमरावती पुलिस
शहर में एमडी ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों की बढ़ती तस्करी पर चिंता व्यक्त करते हुए राकेश ओला ने बताया कि पुलिस ने केवल स्थानीय विक्रेताओं को गिरफ्तार कर कार्रवाई समाप्त नहीं की. उन्होंने कहा कि पुलिस ने पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए जांच को महाराष्ट्र से बाहर तक विस्तारित किया और राजस्थान पहुंचकर बड़े ड्रग्स तस्करों को हिरासत में लिया. सीपी ओला ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ड्रग्स माफिया के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले समय में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.
* मोक्का और एमपीडीए के तहत होगी कड़ी कार्रवाई
अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने बताया कि हाल ही में नागपुरी गेट और राजापेठ पुलिस थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मोक्का) के तहत दो बड़ी कार्रवाई की गई हैं. इसके अलावा कई अन्य गंभीर अपराधियों के खिलाफ भी मोक्का लगाने के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं. उन्होंने यह भी बताया कि कुछ आदतन अपराधियों और संगठित अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ एमपीडीए (महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डेंजरस एक्टिविटीज) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है.
* यातायात व्यवस्था सुधारने जल्द लागू होंगे नए नियम
शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और बढ़ते ट्रैफिक दबाव पर पूछे गए प्रश्न के जवाब में पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने बताया कि हाल ही में इस विषय पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई. उन्होंने कहा कि, शहर के विभिन्न हिस्सों में वन-वे व्यवस्था लागू करने, नो-एंट्री जोन निर्धारित करने, भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, ट्रैफिक जाम वाले क्षेत्रों में विशेष प्रबंधन करने संबंधी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया गया है.
सीपी ओला ने बताया कि गिट्टी-बोल्डर ट्रक ओनर्स एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े संगठनों, जिला प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग की ओर से भी सुझाव प्राप्त हुए हैं. इन सभी सुझावों और तकनीकी पहलुओं पर विचार करने के बाद आज या कल के भीतर अमरावती शहर में नए वन-वे और नो-एंट्री नियमों को लेकर अधिसूचना जारी की जाएगी.
* अपराधियों को स्पष्ट संदेश
मीडिया संवाद के दौरान पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने स्पष्ट संकेत दिया कि अमरावती में अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. चाहे मामला आर्थिक घोटाले का हो, मादक पदार्थों की तस्करी का हो, संगठित अपराध का हो या फिर फायरिंग जैसी गंभीर वारदात का-पुलिस हर मामले में आरोपियों तक पहुंचने के साथ-साथ पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति पर काम कर रही है. उन्होंने नागरिकों से भी पुलिस को सहयोग देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की.

Back to top button