डकैतों का पीछा कर रहे ग्रामीण की मौत
अनेक घरों, दुकानों में लूटपाट

* नांदुरा में सनसनी, पुलिस जुटी सरगर्मी से तलाश में
बुलढाणा/दि.10 – नांदुरा तहसील के काटी गांव में शनिवार-रविवार दरमियानी रात डकैतों ने बडा हडकंप मचाया. कई घरों और दुकानों में लूटपाट की गई. उनका पीछा कर रहे साहसी किसान पर लुटेरों ने हमला किया. गंभीर घायल किसान रायसिंग सोलंकी की उपचार दौरान मृत्यु हो जाने से संपूर्ण नांदुरा तहसील और बुलढाणा जिले में खलबली मची है.
जानकारी के अनुसार काटी गांव में 4-5 अज्ञात लुटेरे घुस आए. उन्होंने लूटपाट मचा दी. कई घरों और दुकानों में लूटपाट कर रहे बदमाशों को देखते ही रायसिंग सोलंकी ने बडी हिम्मत से उनका पीछा किया, तब बदमाशों ने उन्हें डंडे से बुरी तरह पीट डाला. लहुलुहान होकर सोलंकी गिर गए. उसके बावजूद डकैतों ने उन पर वार जारी रखे. वे चीखते-चिल्लाते रहे, तब गांव के लोग दौडे. ऐसे में लुटेरे भाग खडे हुए. बदमाशों ने बालू हरिश्चंद्र घोंगे, संजय हिवले और गणेश मानसिंग राठोड के घरों से दागिने, कपडे और कैश करीबन लाखों का माल लूट लिया. मलकापुर पुलिस ने पंचनामा कर छानबीन शुरु की है. एसपी नीलेश तांबे ने घटनास्थल को भेंट दी. उसी प्रकार श्वान पथक और अंगुली विशेषज्ञ भी मौके पर लाए गए थे. पुलिस ने यहां-वहां टीमें दौडाकर डकैतों की सरगर्मी से तलाश शुरु की है.





