अमरावती को डिफेंस कॉरिडोर में शामिल करने की मांग
सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सौंपा ज्ञापन

* बीडीएल की मिसाइल निर्माण इकाई और डिफेंस क्लस्टर स्थापित करने का आग्रह
अमरावती /दि.11– महाराष्ट्र के अमरावती जिले को प्रस्तावित डिफेंस कॉरिडोर में शामिल कर इसे रक्षा उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग तेज हो गई है. इस संबंध में राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में सांसद डॉ. बोंडे ने कहा कि अमरावती की भौगोलिक स्थिति, बेहतर सड़क एवं रेल संपर्क, पर्याप्त भूमि की उपलब्धता तथा कुशल मानव संसाधन इसे रक्षा उद्योगों की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान बनाते हैं. उन्होंने अमरावती में भारत डायनेमिक्स लिमिटेड की प्रस्तावित मिसाइल निर्माण इकाई को शीघ्र अंतिम मंजूरी देकर काम शुरू करने की मांग की. सांसद ने अमरावती में बीडीएल, डीआरडीओ, एचएएल सहित सार्वजनिक क्षेत्र और निजी रक्षा कंपनियों के निवेश के लिए ‘डिफेंस इंडस्ट्रियल पार्क/डिफेंस क्लस्टर’ स्थापित करने का भी आग्रह किया. उनका कहना है कि इससे अमरावती और पूरे विदर्भ क्षेत्र में रक्षा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा.
* हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
डॉ. बोंडे ने कहा कि अमरावती में रक्षा उत्पादन का हब विकसित होने से स्थानीय स्तर पर एमएसएमई उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा. इससे सहायक उद्योगों की स्थापना के साथ ही विदर्भ के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकते हैं. साथ ही यह पहल केंद्र सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान और देश में रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी.
* रक्षा मंत्रालय की टीम से अमरावती दौरे का आग्रह
सांसद डॉ. बोंडे ने रक्षा मंत्री से रक्षा मंत्रालय की एक उच्चस्तरीय टीम को अमरावती भेजकर क्षेत्र की उपलब्ध भूमि, बुनियादी सुविधाओं, परिवहन व्यवस्था और औद्योगिक संभावनाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेने का भी अनुरोध किया. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अमरावती को डिफेंस कॉरिडोर में शामिल किए जाने से विदर्भ में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.





