हर घर तिरंगा अभियान के तहत अमरावती में 12 को भव्य तिरंगा यात्रा

नेहरू मैदान से संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन तक निकलेगी यात्रा

* महापौर, आयुक्त समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न संगठनों की होगी भागीदारी
अमरावती/दि.11 – स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान के तहत अमरावती महानगरपालिका की ओर से बुधवार, 12 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है. यात्रा दोपहर 4 बजे नेहरू मैदान से शुरू होकर संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा.
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने का संदेश दिया जा रहा है. इसी अभियान के तहत आयोजित इस तिरंगा यात्रा में महानगरपालिका के जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाएं, व्यापारी एवं औद्योगिक संगठन, स्कूल-कॉलेज तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे.
* महापौर, आयुक्त समेत जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
तिरंगा यात्रा में अमरावती महानगरपालिका के महापौर, महानगरपालिका आयुक्त, उपमहापौर, स्थायी समिति सभापति, सभागृह नेता, विपक्ष के नेता सहित विभिन्न पदाधिकारी सहभागी होंगे. इसके अलावा नगरसेवक-नगरसेविकाएं, अधिकारी एवं कर्मचारी भी यात्रा में शामिल होंगे. शहर की सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारी संगठनों, औद्योगिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं और अन्य संगठनों से भी बड़ी संख्या में सहभागिता की अपेक्षा की गई है.
* राजकमल, जयस्तंभ, मालवीय चौक होते हुए पहुंचेगी यात्रा
12 अगस्त को नेहरू मैदान से शुरू होने वाली तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी. यात्रा राजकमल चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय चौक और इर्विन चौक होते हुए संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन पहुंचेगी. यहां यात्रा का समापन किया जाएगा. यात्रा के दौरान राष्ट्रध्वज का सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के गौरव तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश नागरिकों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा. इस आयोजन के माध्यम से शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का वातावरण निर्माण करने का प्रयास किया जाएगा.
* नागरिकों से उत्स्फूर्त सहभागिता का आह्वान
महानगरपालिका की ओर से नागरिकों से अपील की जाएगी कि ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए. प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज का सम्मान करे और तिरंगा यात्रा में भी उत्स्फूर्त रूप से भाग ले. शहर के विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं तथा देशप्रेमी नागरिकों से यात्रा में शामिल होकर ‘एक देश, एक तिरंगा, एक भावना’ के राष्ट्रीय एकता के संदेश को मजबूत करने का आह्वान किया गया है.
* स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का माहौल
स्वतंत्रता दिवस से कुछ दिन पहले आयोजित होने वाली इस तिरंगा यात्रा से अमरावती शहर में देशभक्ति का माहौल बनने की उम्मीद है. तिरंगा देश की संप्रभुता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है तथा उसका सम्मान प्रत्येक भारतीय की जिम्मेदारी है. इसी भावना को व्यापक बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह यात्रा शहरवासियों के लिए राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का उत्सव बनेगी.

Back to top button