झाड़ियों में मिला नवजात बच्ची का शव
परतवाड़ा में इंसानियत शर्मसार

* श्मशान घाट के पास नवजात को फेंकने का आरोप
* आवारा कुत्तों ने शव को नोचा, पुलिस ने शुरू की जांच
अमरावती/दि.11- परतवाड़ा शहर में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. हिंदू श्मशान घाट के पास झाड़ियों में करीब चार से पांच दिन की नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई. आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्ची को वहां फेंका था. बाद में इलाके में घूम रहे आवारा कुत्तों ने शव को नोच डाला और उसे सड़क तक खींच लाए. स्थानीय लोगों की नजर जब इस भयावह दृश्य पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही परतवाड़ा थानेदार अजय आकरे पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा कर जांच शुरू की.
* आवारा कुत्तों ने शव को नोचा
जानकारी के मुताबिक नवजात बच्ची का शव झाड़ियों में पड़ा था. आवारा कुत्तों द्वारा शव के हाथ-पैरों को नोचे जाने के बाद वह सड़क पर आ गया था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की. मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास के अस्पतालों, प्रसूति गृहों और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में पिछले कुछ दिनों में हुए प्रसव की जानकारी जुटा रही है. साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
* जिंदा फेंका गया या जन्म के बाद मौत हुई?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि नवजात बच्ची को जीवित अवस्था में वहां फेंका गया था या जन्म के बाद उसकी मौत हो गई थी. इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बच्ची का जन्म कहां हुआ था और उसे झाड़ियों में किसने तथा किस कारण से छोड़ा. पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
* पैर में लगा था लेबल, डायपर भी पहना था
पुलिस के अनुसार, नवजात बच्ची के पैर पर एक लेबल लगा हुआ था और उसने डायपर पहना था. इन सुरागों के आधार पर पुलिस बच्ची की पहचान और उसके परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
* शहर में आक्रोश
घटना की जानकारी फैलते ही शहर में आक्रोश का माहौल है. लोगों ने नवजात बच्ची के साथ हुई इस अमानवीय घटना की निंदा करते हुए दोषी व्यक्ति का जल्द से जल्द पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. अब पुलिस के सामने कई सवाल हैं-बच्ची का जन्म कहां हुआ था? उसे झाड़ियों में कौन छोड़कर गया? क्या वह मृत पैदा हुई थी या उसकी मौत के बाद शव को यहां लाया गया? इन सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे.