सड़क पर कार पार्क की तो होगी कार्रवाई
आरटीओ ने शुरू किया सख्त अभियान

* समृद्धि हाईवे पर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों पर होगी दंडात्मक और आपराधिक कार्रवाई
अमरावती/दि.11- सार्वजनिक सड़कों और हाईवे पर वाहन खड़ा कर यातायात में बाधा डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी. सुप्रीम कोर्ट के सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों के मद्देनजर परिवहन विभाग ने हाईवे पर विशेष अभियान शुरू किया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना किसी उचित कारण के मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. सुप्रीम कोर्ट ने रिट पिटीशन क्रमांक 09/2025 के तहत 13 अप्रैल 2025 को सड़क सुरक्षा को लेकर अंतरिम निर्देश जारी किए थे. इन्हीं निर्देशों के पालन में परिवहन विभाग ने हाईवे पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है.
* हादसा होने पर सड़क पर वाहन न छोड़ें
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने या तकनीकी खराबी आने की स्थिति में वाहन को यथासंभव मुख्य मार्ग से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें. साथ ही तत्काल संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दें. विभाग के जनसंपर्क अधिकारी अनिल मानकर ने वाहन चालकों से हाईवे पर सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है.
* समृद्धि हाईवे पर कंटेनर खड़ा मिला, केस दर्ज
परिवहन विभाग की टीम को 9 अगस्त को समृद्धि हाईवे पर एक कंटेनर सड़क पर खड़ा मिला. कंटेनर क्रमांक एचआर-55/बीए-8544 इस तरह खड़ा था कि मुंबई की ओर जाने वाली लेन में यातायात प्रभावित हो रहा था. जांच में हाईवे के निर्धारित नियमों और शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई. साथ ही चालक के खिलाफ वर्धा जिले के सावंगी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है.
* तेज रफ्तार हाईवे पर लापरवाही पड़ सकती है भारी
समृद्धि हाईवे पर वाहनों की रफ्तार अधिक होने के कारण मुख्य मार्ग पर खड़े वाहन गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं. विशेष रूप से रात के समय सड़क पर खड़े ट्रक, कंटेनर या अन्य वाहनों से टकराने की आशंका अधिक रहती है.
* आगे भी जारी रहेगा सख्त अभियान
समृद्धि हाईवे की नोडल अधिकारी तथा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी उर्मिला पवार ने चेतावनी दी है कि हाईवे पर यातायात में बाधा डालने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की दंडात्मक और आपराधिक कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा कर दूसरे वाहन चालकों की जान जोखिम में न डालें और हाईवे पर वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें.





