लीज खत्म दुकानों की नागपुर जैसी नीलामी करें
नगरसेवक संजय गव्हाले, डॉ. शिरभाते, प्रशांत महल्ले, अफसर जहां की मांग

* कम रेट में बेचने की साजिश का लगाया आरोप
* महापालिका होगी मालामाल
* विकास कामों को मिलेगी रफ्तार
अमरावती/दि.12 – महानगर पालिका अमरावती की आर्थिक दशा ठीक नहीं है. ऐसे में अनेक उपाय मनपा अपना सकती है. मनपा की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विपक्ष के चार नगरसेवकों ने महत्वपूर्ण और उपयोगी सुझाव दिए हैं. जिसमें महापालिका के मार्केट में जिन दुकानों की लीज खत्म हो गई है, उनकी नए सिरे से नागपुर मनपा समान नीलामी प्रक्रिया अपनाने की मांग की गई है. नगरसेवक संजय गव्हाले, डॉ. संजय शिरभाते, प्रशांत महल्ले और अफसर जहां सादिक शहा ने मनपा आयुक्त से उक्त अनुरोध और डिमांड की है.
* कम दरों में बेचने की साजिश
चारों नगरसेवकों गव्हाले, डॉ. शिरभाते, प्रशांत महल्ले, अफसर जहां ने आरोप लगाया कि, मनपा प्रशासन ऐसी दुकानों को कम रेट में बेच देने की फिराक में है. इससे मनपा का नुकसान हो सकता है. जबकि मनपा को अपना आमदनी का जरिया बढाने के लिए नागपुर महानगर पालिका में अपनाई गई प्रक्रिया को यहां भी अपनाने की आवश्यकता है. नागपुर में लीज खत्म दुकानों की नीलामी की जाती है. जिससे निश्चित ही मनपा की आमदनी अधिक होती है. मनपा को फायदा होता है.
चारों नगरसेवकों ने आरोप लगाया कि, प्रशासन ने कम दाम पर विक्री करने की कोशिश शुरु की है. जबकि मनपा को पारदर्शी पद्धति से लीज खत्म दुकानों का मसला हल करना चाहिए. नीलामी से मनपा की आमदनी बढनेवाली है. मनपा को विकास कार्यो के लिए धन की आवश्यकता भी है. ऐसे में नागपुर पैटर्न अपनाकर ऑक्शन करने से बाजार मूल्य के अनुसार मनपा को अधिक राशि मिल सकती है.
चारों नगरसेवकों ने राज्य में आदर्श बने नागपुर मनपा पैटर्न को अपनाने की गुहार आयुक्त और मनपा प्रशासन से लगाई है. साथ ही उन्होंने ऐसा न होने पर जनआंदोलन छेडने की भी चेतावनी दी है. चारों नगरसेवकों संजय गव्हाले, डॉ. संजय शिरभाते, प्रशांत महल्ले, अफसर जहां ने व्यापारी, नागरिक, युवाओं, जनता को साथ लेकर बडा जनआंदोलन खडा करने की तैयारी दर्शायी. उन्होंने अमरावती मनपा प्रशासन से उचित कदम उठाए जाने की मांग दोहराई. जनता के हितों की रक्षा प्रशासन का कर्तव्य रहने का स्मरण भी नगरसेवकों ने करवाया.





