… जब ट्रैफिक पुलिस पर बिफरे सीपी राकेश ओला

इर्विन चौक का अकस्मात ही किया दौरा

* बदहाल यातायात व्यवस्था देख अधिकारियों और कर्मियों की लगाई क्लास
* यातायात नियमों का उल्लंघन करनेवाले वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई भी की
अमरावती/दि.12- शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों की शिकायतों के बीच बुधवार को पुलिस आयुक्त राकेश ओला का सख्त तेवर देखने को मिला. पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे शहर के सबसे व्यस्त इर्विन चौक पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया. मौके पर अव्यवस्थित ट्रैफिक और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की कार्यप्रणाली देखकर वे खासे नाराज हो गए और उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इर्विन चौक पर पहुंचते ही पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने देखा कि भारी यातायात दबाव के बावजूद व्यवस्था पूरी तरह बिखरी हुई है. कई स्थानों पर वाहन नियमों का उल्लंघन कर रहे थे और यातायात कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद स्थिति नियंत्रण में नजर नहीं आ रही थी. यह देखकर उन्होंने मौके पर मौजूद ट्रैफिक कर्मियों को खरी-खोटी सुनाई और उनसे जवाब तलब किया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने तत्काल ट्रैफिक एसीपी संजय खताले, यातायात शाखा के पीआई निलेश गावंडे तथा कोतवाली थाने के पीआई रोशन सिरसाट को मौके पर बुलाया. अधिकारियों के पहुंचते ही सीपी ओला ने यातायात प्रबंधन में बरती जा रही लापरवाही पर नाराजगी जताई और व्यवस्था सुधारने के स्पष्ट निर्देश दिए. बताया जाता है कि उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि केवल औपचारिक ड्यूटी से काम नहीं चलेगा, बल्कि सड़क पर उतरकर परिणाम भी दिखाने होंगे.
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त राकेश ओला स्वयं सड़क पर उतर गए और कुछ समय तक ट्रैफिक नियंत्रण की कमान अपने हाथ में संभाली. इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 4 चारपहिया और 3 दोपहिया वाहनों को रुकवाकर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी कराई. सीपी ओला की इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद वाहन चालकों और पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया.
इसके बाद सीपी राकेश ओला इर्विन चौक से ज्ञानमाता स्कूल तक पैदल निकले और रास्ते भर यातायात व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने सड़क किनारे अवैध पार्किंग, यातायात बाधित करने वाले वाहनों और विभिन्न चौराहों पर मौजूद व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कई आवश्यक निर्देश भी दिए. निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ओला ने ट्रैफिक कर्मियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे केवल ट्रैफिक कंट्रोल बूथ में बैठकर ड्यूटी पूरी करने की मानसिकता छोड़ें. उन्हें सड़क पर सक्रिय रहकर यातायात को सुचारू बनाने के लिए प्रभावी भूमिका निभानी होगी. उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला की इस अचानक कार्रवाई से यातायात विभाग में खलबली मच गई है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था को लेकर और भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं.

Back to top button