मनपा वर्धापन दिन पर वृक्षारोपण व चित्रकला प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाया देशप्रेम

अमरावती/दि.13- अमरावती महानगरपालिका के वर्धापन दिन तथा स्वतंत्रता दिवस की पृष्ठभूमि में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मनपा स्कूलों में वृक्षारोपण और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. अमरावती मनपा प्राथमिक हिंदी स्कूल क्रमांक 12, मनपा हिंदी कन्या माध्यमिक विद्यालय, आईएमएस उर्दू उच्च प्राथमिक स्कूल नागपुरी गेट तथा मनपा उर्दू स्कूल क्रमांक 2 अलीम नगर में आयोजित इन कार्यक्रमों को विद्यार्थियों, शिक्षकों और मनपा अधिकारियों-कर्मचारियों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला.
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया. चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तिरंगा, राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
* आयुक्त ने किया वृक्षारोपण
मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, विपक्ष नेता विलास इंगोले, गुटनेता शेख हमीद शेख वाहेद, जोन सभापति खॉ आसिया अंजुम वाहिद, नगरसेविका शाह बीबी बतुल ताहेर, अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, शहर अभियंता श्रीधर कांबले, शिक्षणाधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम तथा सहायक आयुक्त मनोज शहाले के हाथों स्कूल परिसरों में पौधारोपण किया गया. इस अवसर पर आयुक्त डॉ. गोंदावले ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ के साथ प्रत्येक नागरिक को वृक्षसंवर्धन का भी संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया.
* तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक
मान्यवरों ने विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का महत्व समझाया. प्रत्येक नागरिक से अपने घर पर गर्व के साथ तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय अभियान में सहभागी होने का आह्वान किया गया. राष्ट्रध्वज देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता का प्रतीक है तथा उसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, ऐसा भी बताया गया.
* चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साह
चित्रकला प्रतियोगिता को विद्यार्थियों का विशेष प्रतिसाद मिला. विद्यार्थियों ने देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर रंग-बिरंगे चित्र बनाकर अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया. शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए उनकी कला प्रतिभा को प्रोत्साहित किया. उपस्थितों ने कहा कि स्कूल स्तर पर इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा मिलने के साथ ही उनमें सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है.
* पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
वृक्षारोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को बढ़ते प्रदूषण, बदलते पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन के बीच वृक्षों के महत्व की जानकारी दी गई. पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही उनकी देखभाल करना भी जरूरी है. लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी विद्यार्थियों और शिक्षकों को लेने का आह्वान किया गया. कार्यक्रम में ज्येष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश राठोड, मनपा अधिकारी एवं कर्मचारी, दोनों स्कूलों के मुख्याध्यापक, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. ‘देशप्रेम के साथ पर्यावरण संरक्षण’ का संदेश देने वाले इस आयोजन को मनपा स्कूलों में उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला.





