चाकू की नोंक पर लूट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

तीन वारदातों का पर्दाफाश

अकोला /दि.13 – एमआईडीसी थाना पुलिस ने चाकू का भय दिखाकर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन गंभीर वारदातों का पर्दाफाश किया है. आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल, लोहे का चाकू, रियलमी मोबाइल और 3,300 रुपये नकद समेत कुल 24,100 रुपये का माल बरामद किया गया है.
जानकारी के मुताबिक0 19 जुलाई की रात एमआईडीसी क्रमांक-4 स्थित मारुति पेवर्स के पास प्रेम दीपक कोल्हे (18) और उसका मित्र अर्जुन बेठेकर घूम रहे थे. इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने दोनों के साथ मारपीट कर चाकू का भय दिखाया और उनके मोबाइल छीन लिए. इसके बाद नारायण दाल मिल के पास दिलीप सीताराम माहुरे को चाकू दिखाकर 1,700 रुपये नकद लूट लिए गए.
मामले में एमआईडीसी थाने में अपराध मामला दर्ज किया गया था. तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आकाश उर्फ करण विनोद थुकेकर, यश उर्फ राम संतोष नवले, अभिजित उर्फ अभि विश्वनाथ वैरागळे और पूजा दिनेश वानखड़े, सभी निवासी कृषिनगर, अकोला, को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने तीन वारदातों में चाकू दिखाकर मोबाइल और नकदी लूटने की बात कबूल की. पुलिस ने घटनाओं का भी खुलासा किया. इनमें लक्ष्मण चव्हाण से मोबाइल व 500 रुपये तथा 27 मई को गजानन महादेव भटकर से 4 हजार रुपये लूटने की जानकारी सामने आई.
कार्रवाई में पल्सर और सुजुकी एक्सिस मोटरसाइकिल, लोहे का चाकू, रियलमी मोबाइल तथा 3,300 रुपये नकद जब्त किए गए. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अचिंत चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी और एसडीपीओ सुदर्शन पाटील के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक विजय जाधव, पीएसआई देवीदास फुलउंबरकर सहित पुलिस टीम ने की.

Back to top button