88.11 लाख की वित्तीय धोखाधड़ी में दो महीने बाद पांच आरोपी गिरफ्तार

सफाई कर्मचारियों के संगठन के फंड में गबन का आरोप

* कुल 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
अमरावती /दि.13 – सफाई कर्मचारियों के संगठन में 88 लाख 11 हजार 991 रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी और गबन के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आखिरकार कार्रवाई करते हुए पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामला दर्ज होने के करीब दो महीने 11 दिन बाद 11 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में बेलपुरा निवासी बाबूलाल गोहर (61), आनंद डागोर (48), संदीप सिरसिया (38), चवरेनगर निवासी लखन जाधव (51) तथा यशोदानगर निवासी संतोष चावरा (43) शामिल हैं. मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल कडू कर रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक यह कथित वित्तीय अनियमितता 1 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 के बीच रेलवे स्टेशन चौक के पास गुलशन टावर स्थित संगठन के कार्यालय में हुई. संबंधित वित्तीय वर्ष का विशेष ऑडिट ऑडिटर नरेंद्र बोबड़े ने किया था. ऑडिट के दौरान कर्ज वितरण में अनियमितताओं के साथ ही संगठन की रकम के गबन का मामला सामने आया. आरोप है कि संबंधित पदाधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए संगठन के फंड से बड़ी रकम का अपने हित में इस्तेमाल किया. मामले में तत्कालीन सचिव, तत्कालीन अध्यक्ष, तत्कालीन संचालक, दो महिला पदाधिकारी, ऑडिटर और चार्टर्ड अकाउंटेंट समेत कुल 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

* बाकी आरोपियों की तलाश जारी
मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी. जांच अधिकारी अमोल कडू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है. पुलिस के मुताबिक शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा. मामले में एक आरोपी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है.

Back to top button