‘एनालॉग’ पनीर पर रोक का असर, असली पनीर 450 रुपये किलो तक पहुंचा

होटल-रेस्टोरेंट संचालकों की लागत बढ़ी, ग्राहकों की जेब पर भी असर

अमरावती /दि.13 – ‘एनालॉग’ पनीर के उत्पादन, बिक्री और इस्तेमाल पर सख्ती के बाद अब इसका सीधा असर शहर के पनीर बाजार पर दिखाई देने लगा है. होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और क्लाउड किचन में एनालॉग पनीर के इस्तेमाल पर रोक के कारण असली दूध से बने पनीर की मांग बढ़ गई है. मांग बढ़ने और आपूर्ति सीमित रहने से पनीर के दाम करीब 50 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं.
कुछ समय पहले तक करीब 400 रुपये किलो बिकने वाला पनीर अब बाजार में 450 रुपये किलो तक पहुंच गया है. वहीं, 250 ग्राम पनीर की कीमत करीब 120 रुपये बताई जा रही है. बढ़ी कीमतों का असर आम ग्राहकों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है.

* एफडीए की कार्रवाई के बाद बढ़ी सख्ती
एफडीए प्रशासन की ओर से ‘एनालॉग’ पनीर के उत्पादन, बिक्री और इस्तेमाल पर एक साल के लिए रोक लगाए जाने के बाद राज्यभर में कार्रवाई तेज कर दी गई है. प्रशासन का कहना है कि ऐसे पनीर में दूध की वसा को पूरी तरह या आंशिक रूप से वनस्पति तेल अथवा अन्य वसा से बदला जाता है, जिसके कारण इसे लेकर स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं सामने आई हैं. रोक के बाद होटल, रेस्टोरेंट, कैटरर और क्लाउड किचन में असली पनीर की मांग बढ़ी है. इसी के चलते बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.

* होटल व्यवसाय पर भी असर
होटल एसोसिएशन, अमरावती के अध्यक्ष बिट्टू सलूजा ने बताया कि एनालॉग पनीर पर रोक के बाद ग्राहक भी पहले की तुलना में अधिक सतर्क हो गए हैं. पनीर से बने व्यंजनों की मांग में भी कमी दिखाई दे रही है. दूसरी ओर, असली पनीर महंगा होने से होटल संचालकों की लागत बढ़ गई है.

* आठ स्थानों पर निरीक्षण, दो सैंपल जांच के लिए भेजे
खाद्य सुरक्षा अधिकारी गजानन गोरे के अनुसार, एनालॉग पनीर पर रोक के बाद अमरावती शहर में अब तक आठ स्थानों का निरीक्षण किया गया है. इनमें से दो स्थानों से पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं.

* क्या है एनालॉग पनीर?
एनालॉग पनीर ऐसा पनीरनुमा उत्पाद है, जिसमें दूध की वसा की जगह पूरी तरह या आंशिक रूप से वनस्पति तेल अथवा अन्य वसा का इस्तेमाल किया जाता है. प्रशासन ने ऐसे उत्पाद के उत्पादन, बिक्री और इस्तेमाल पर कार्रवाई शुरू की है.

   बाजार में असर
– असली पनीर: 400 से बढ़कर 450 रुपये किलो
– 250 ग्राम पनीर: लगभग 120 रुपये
– होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग की लागत में वृद्धि
– उपभोक्ताओं में पनीर की गुणवत्ता को लेकर जागरूकता बढ़ी

Back to top button