राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज को भारतरत्न प्रदान करें
विधायक राजेश वानखडे की मांग

अमरावती/दि.13 – ग्राम विकास की संकल्पना अपनी ग्रामगीता के माध्यम से प्रस्तुत करने वाले राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज ने अपने संपूर्ण जीवन के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण, ग्राम विकास, सामाजिक प्रबोधन, व्यसनमुक्ति, स्वच्छता, श्रम प्रतिष्ठा और राष्ट्रीय एकता का संदेश जनसामान्य तक पहुंचाया. उनके अतुलनीय कार्य एवं राष्ट्रसेवा में योगदान के सम्मान के रुप में उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारतरत्न प्रदान किए जाने की मांग तिवसा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश वानखडे ने की है. विधायक राजेश वानखडे ने राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से पत्र के माध्यम से यह मांग की थी. इस मांग का संज्ञान लेते हुए पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज को भारतरत्न प्रदान करने की सिफारिश की है.
इससे राष्ट्रसंत के कार्यो का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान किए जाने की मांग की और अधिक बल मिला है. इसी प्रकार की मांग राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी की जाएगी. साथ ही महाराष्ट्र सरकार की ओर से केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी सिफारिश किए जाने का भी अनुरोध किया गया है. राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज ने ग्रामगीता के माध्यम से ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास का मार्ग समाज के सामने रखा. ग्राम स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यसनमुक्ति, अंधविश्वास निर्मूलन, सामाजिक समानता, भाईचारा, श्रम संस्कार और आत्मनिर्भता जैसे विषयों पर उन्होंने लगातार जनजागरण किया. उनके भजन-कीर्तन से केवल आध्यात्मिक संदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा की प्रेरणा भी जनमानस में पैदा हुई. स्वतंत्रता से पूर्व राष्ट्रजागरण और स्वतंत्रता आंदोलन में उनका योगदान तथा स्वतंत्रता के बाद ग्राम विकास और सामाजिक परिवर्तन के लिए किया गया कार्य अत्यंत व्यापक रहा है. गांव बदलेगा तो देश बदलेगा के विचार के माध्यम से उन्होंने ग्राम विकास को राष्ट्र विकास से जोडा. उनके विचारों का प्रभाव आज भी महाराष्ट्र सहित देशभर में सामाजिक एवं ग्राम विकास आंदोलनों में दिखाई देता है. राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज केवल किसी एक क्षेत्र के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण देश को राष्ट्रसेवा, सामाजिक एकता और मानवता का मार्ग दिखाने वाले महान राष्ट्रसंत थे.
उनके कार्यो के उचित सम्मान के रुप में भारतरत्न प्रदान करना महाराष्ट्र की जनता की भावना है. केंद्र सरकार इस मार्ग पर सकारात्मक विचार करते हुए राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज को भारतरत्न प्रदान करने का निर्णय लें, ऐसी दृढ मांग विधायक राजेश वानखडे ने की है.





