अब आखिरी बेंच तक पहुंचेगी आवाज, 16 हजार स्कूलों को मिलेंगे स्पीकर सेट
राज्य सरकार ने 20.80 करोड़ रुपये मंजूर किए

* अमरावती जिले के 1,751 स्कूलों को मिलेगा लाभ
अमरावती/दि.13 – राज्य सरकार ने स्कूलों में विद्यार्थियों की कम्युनिकेशन स्किल और प्रेजेंटेशन क्षमता को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है. स्कूल शिक्षा विभाग के तहत राज्य के स्थानीय स्वशासी निकायों के करीब 16 हजार स्कूलों को लाउडस्पीकर सेट उपलब्ध कराए जाएंगे. इसके लिए सरकार ने 20 करोड़ 80 लाख रुपये की निधि मंजूर की है.
इस योजना के तहत जिला परिषद, नगर निगम और नगर परिषद के स्कूलों को साउंड सिस्टम उपलब्ध कराया जाएगा. इससे स्कूलों में होने वाली प्रार्थना, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रोजाना की पढ़ाई, ऑनलाइन मार्गदर्शन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और अभिभावक बैठकों में इसका उपयोग किया जा सकेगा.
* आखिरी बेंच तक साफ पहुंचेगी आवाज
कई स्कूलों में प्रार्थना सभा या अन्य कार्यक्रमों के दौरान पीछे बैठे विद्यार्थियों तक आवाज स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच पाती. स्कूलों में स्थायी साउंड सिस्टम उपलब्ध होने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है. शिक्षक या कार्यक्रम में बोलने वाले व्यक्ति की आवाज स्कूल के सभी विद्यार्थियों तक स्पष्ट रूप से पहुंच सकेगी.
* स्कूलों का अतिरिक्त खर्च भी बचेगा
अब तक कई स्कूलों को कार्यक्रमों के लिए स्थानीय स्तर पर लाउडस्पीकर या साउंड सिस्टम किराए पर लेना पड़ता था. सरकार की इस पहल से स्कूलों को बार-बार साउंड सिस्टम किराए पर लेने की आवश्यकता कम होगी और कार्यक्रमों पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बच सकेगा.
* अमरावती जिले के 1,751 स्कूलों को लाभ
सरकार के इस फैसले से अमरावती जिले के स्थानीय निकायों के कुल 1,751 स्कूलों को लाभ मिलने की जानकारी है. इनमें 14 तहसीलों के 1,571 जिला परिषद स्कूल, 63 महानगरपालिका स्कूल और 25 नगर परिषद स्कूल शामिल हैं. शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों के अनुसार, स्कूलों में साउंड सिस्टम उपलब्ध होने से केवल कार्यक्रमों में ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के संचार कौशल, मंच संचालन, भाषण, प्रस्तुति और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.





