अंबादेवी का अस्पताल दो मंजिल का ही

कॉरिडोर विकास योजना में मंजूरी

* चार चरणों में होगा अंबादेवी कॉरिडोर का काम
* 410 करोड का भव्य विकास कार्य – भाग द्वितीय
अमरावती/दि.13 – विदर्भ की कुलस्वामिनी अंबादेवी और एकवीरा देवी परिसर के विकास का 410 करोड का प्लान शासन के निर्देश पर एमएसआईडीसी ने तैयार किया है. अंबादेवी संस्थान में मंगलवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में उक्त शासकीय कंपनी के आर्किटेक भिवगडे और इंजिनीयर पागृत व सहयोगियों ने संस्थान के प्रमुख पदाधिकारियों के सामने डेमो देकर विस्तार से जानकारी दी. जिसमें कुछ सुधार दर्शाए गए. जिसे आर्किटेक्ट ने मान्य किया. उसी प्रकार चार चरणों में कॉरिडोर विकास का काम किए जाने पर सहमती हुई. किंतु हनुमान मंदिर के पास नाले से सटी जगह पर चार मंजिला अस्पताल के लिए स्वीकृति नहीं मिल पाई है. दो मंजिला अस्पताल बनाए जाने पर मंगलवार की बैठक में आखिर सम्मति बनने की जानकारी दी गई. अमरावती मंडल को बताया गया कि, नवरात्रि पश्चात कार्य प्रारंभ होने की संभावना है. किंतु उसके पहले कॉरिडोर विकास प्रारुप को अनेक चरणों से प्रशासकीय स्तर पर गुजरना होगा.
बता दें कि, बैठक में अध्यक्ष एड. दीपक श्रीमाली, उपाध्यक्ष किशोर बेंद्रे, सचिव रवींद्र कर्वे, सचिव डॉ. जयंत पांढरीकर, कोषाध्यक्ष विलास मराठे, सचिव आर्थिक समिति सुरेंद्र बुरंगे, ट्रस्टी सर्वश्री एड. राजेंद्र पांडे, दीपा खांडेकर, विजया गुढे, अशोक खंडेलवाल, मीना पाठक, अशोक गुप्ता, शैलेश पोद्दार के साथ ही जिला नियोजन अधिकारी भारत वायाल सहित आर्किटेक्ट भिवगडे, इंजी. पागृत, कार्यकारी अधिकारी श्रीमती मेश्राम और संबंधितों की उपस्थिति रही.
* सबकुछ होगा भव्य और प्रशस्त
आर्किटेक्ट भिवगडे ने बहुत शानदार डिजाइन प्रस्तावित कॉरिडोर विकास का तैयार किया है. जिसके लिए अंबादेवी और आसपास तथा एकवीरा देवी से लेकर हनुमान अखाडे के मुख्य प्रवेशद्वार तक भूमि कॉरिडोर विकास प्लान में शामिल की जाएगी. एक ओर बालाजी मंदिर, गांधी चौक से लेकर दूसरी ओर गौरक्षण के सामने जोशी विद्यालय तक कॉरिडोर बनाया जाना है. उसके आसपास के सडकों को भी विस्तृत और शानदार किया जाएगा.
* देवी के सामने विशाल दर्शन लॉबी
राज्य की महायुति सरकार ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्र के धर्म क्षेत्रों को विकसित करने का निर्णय किया है. इसी कडी में विदर्भ की कुलस्वामिनी एकवीरा-अंबादेवी परिसर के भव्य डेवलपमेंट का प्लान राज्य विकास महामंडल ने तैयार किया. जिसके अनुसार उपरोक्त बैठक में महामंडल के इंजिनीयर पागृत ने प्रस्तुतीकरण दिया. जिसके अनुसार अंबादेवी के ठीक सामने दर्शन हेतु विशाल लॉबी के निर्माण का प्लान है. उसी प्रकार नाले पर संपूर्ण स्लैब रहेगा. उस पर भी कुछ सुख-सुविधाओं की प्लानिंग है. कुछ प्रस्ताव पर दोनों ही संस्थान अंबादेवी और एकवीरा देवी ने आक्षेप लिया, तो उसे एमएसआईडीसी प्लान से हटाने के लिए राजी हो जाने का समाचार है.
* जिप से ली जाएगी जगह
पूर्व शाला की करीब आधा एकड भूमि अंबादेवी संस्थान द्वारा अधिग्रहित कर वहां डेवलपमेंट किया जाएगा. हालांकि वहां कुछ अतिक्रमण भी हो रखा है. उसे भी हटाया जाएगा. मंदिर के सुशोभिकरण, विकास प्लान में मल्टीलेवल पार्किंग, तीन मंजिला नया भव्य भक्त निवास और बालाजी, भैरव मंदिर तक विकास प्लान शामिल है. इसके लिए जरुरी होने पर नमूना में भी बेकार पडी जमीन और अतिक्रमण की दुकानें हटाकर वह भूमि भी संस्थान के ताबे में देकर विकास करने की योजना है.
* एकवीरा का भक्त निवास और भव्य होगा
बैठक में हुई चर्चा के अनुसार एकवीरा देवी मंदिर संस्थान के मौजूदा भक्त निवास को भी विस्तार देने की प्लानिंग है. अत: यहां भी भक्त निवास और देवी के दर्शनार्थियों के लिए सुविधाएं बनाई जाएगी. हनुमान अखाडे के प्रवेशद्वार से सटी भक्त निवास की बिल्डींग का भी विस्तार कर वहां भोजन शाला बनाए जाने का प्लान रहने की जानकारी सूत्रों ने दी.
* बालाजी मंदिर तक विस्तार
अंबादेवी परिसर के बालाजी मंदिर और उससे सटे भैरव मंदिर के आगे तक संपूर्ण परिसर विकास का प्लानिंग होने की जानकारी सूत्रों ने अमरावती मंडल को दी. यहां सभी प्रकार के अतिक्रमण साफ किये जाएंगे. उसी प्रकार वहां रह रहे परिवारों को भी अन्यत्र शिफ्ट किया जाएगा. संपूर्ण परिसर को अपने ताबे में लेने के बाद नया डेवलपमेंट प्लान साकार होगा. प्लान का जो कल्पना चित्र सामने आया है, वह बडा भव्य लग रहा है. निश्चित ही अगले दो-तीन वर्षों में यह योजना साकार हुई तो अमरावती का इको सिस्टम बदल जाएगा. (अगले अंक में जारी)

Back to top button