सीएसआर फंड दिलाने का झांसा देकर 51 लाख की ठगी

नांदेड़ का आरोपी गिरफ्तार

अमरावती /दि.14– दर्यापुर की एक सामाजिक संस्था को कंपनी के माध्यम से 2 करोड़ रुपये का उडठ फंड दिलाने का झांसा देकर 51 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दर्यापुर पुलिस ने नांदेड़ निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण तातेराव वाघमारे के रूप में हुई है. अदालत ने उसे 14 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है.
जानकारी के मुताबिक दर्यापुर निवासी भास्कर खारोड़े (65) की राजेश्वर ग्राम विकास संस्था से आरोपियों ने संपर्क किया था. उन्होंने संस्था को करीब डेढ़ महीने बाद कंपनी के माध्यम से 2 करोड़ रुपये का सीएसआर फंड उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया. इसके बदले लेन-देन और अन्य प्रक्रिया के नाम पर शिकायतकर्ता से रकम मांगी गई.

* पुणे में 51 लाख रुपये नकद लिए
आरोपियों ने शिकायतकर्ता को पहले मुंबई और बाद में पुणे बुलाया. 22 जून को सुबह करीब 11.30 बजे पुणे के मार्केट यार्ड परिसर में स्लॉट बुकिंग के बहाने शिकायतकर्ता से 51 लाख रुपये नकद ले लिए गए. इसके बाद फंड उपलब्ध नहीं कराया गया और शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ. इस मामले में 27 जून को दर्यापुर पुलिस थाने में नालासोपारा निवासी आकाश नायक और अरुण वाघमारे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. जांच के बाद पुलिस ने 11 अगस्त को अरुण वाघमारे को गिरफ्तार कर लिया.

* मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस अब इस मामले के मुख्य आरोपी आकाश नायक की तलाश कर रही है. पुलिस को आशंका है कि वाघमारे से पुलिस कस्टडी में पूछताछ के दौरान इस ठगी में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में आरोपियों की संख्या बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है.

Back to top button