कुत्ते के अचानक सामने आने से हुई दुर्घटना में चचेरे भाई की मौत
भतीजे पर मामला दर्ज, दर्यापुर थाना क्षेत्र की घटना

दर्यापुर /दि.14 – दर्यापुर-मुर्तिजापुर मार्ग पर बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक का नाम मूर्तिजापुर तहसील के लाखपुरी निवासी गजानन सुखदेवराव अवघड (58) है. इस मामले में दर्यापुर पुलिस ने मृतक के भतीजे एवं बाइक चालक अरविंद अवघड के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक दुर्घटना 10 मार्च को हुई थी. शिकायतकर्ता सूरज गजानन अवघड (26) ने अपनी दोपहिया वाहन अपने चचेरे भाई अरविंद को अंजनगांव जाने के लिए दी थी. इसी दौरान गजानन अवघड भी अरविंद के साथ दोपहिया वाहन पर रिश्तेदार से मिलने के लिए रवाना हुए थे. वापसी के दौरान दर्यापुर-मुर्तिजापुर मार्ग पर एक होटल के पास अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया. कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक अरविंद ने बाइक पर से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद दोपहिया वाहन सड़क पर फिसल गया और दोनों दुर्घटनाग्रस्त हो गए. हादसे में पीछे बैठे गजानन अवघड गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
* पांच महीने बाद दर्ज हुआ मामला
दुर्घटना के करीब पांच महीने बाद इस मामले में दर्यापुर पुलिस ने 12 अगस्त को बाइक चालक अरविंद अवघड के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका को लेकर आगे की जांच की जा रही है.





