दर्यापुर पालिका के नगराध्यक्ष सहित 18 पार्षद कांग्रेस छोड शिवसेना शिंदे में

विधायक बच्चू कडू का बडा कारनामा

* उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुपट्टे से किया पार्टी में स्वागत
* जिले की पॉलिटिक्स में बडा भूचाल
* दोनों स्वीकृत नगरसेवक मालपानी और बुंदेले ने भी उठा लिया धनुष्यबाण
अमरावती/दर्यापुर/मुंबई /दि.14- जिले में शिवसेना के बडे नेता और विधायक ओमप्रकाश उर्फ बच्चू कडू ने कांग्रेस को धक्के देना जारी रखा है. समस्त जिले की राजनीति में बडा भूकंप लाते हुए दर्यापुर नगर पालिका में नगराध्यक्ष मंदाकिनी भारसाकले सहित 15 चुने गए नगरसेवक और 2 स्वीकृत नगरसेवकों का शिवसेना शिंदे गट में प्रवेश करा दिया. मुंबई में आयोजित समारोह में स्वयं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दर्यापुर पालिका के 17 कांग्रेस नगरसेवकों और नगराध्यक्षा का शिवसेना के केसरिया दुपट्टे गले में डालकर स्वागत किया. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हुए पार्टी प्रवेश से जहां जिले में शिवसेना को बैठे-बिठाए दर्यापुर नगर परिषद में सत्ता हासिल हो गई. वहीं कांग्रेस के हाथों से तोते उड जाने जैसी स्थिति बनी है. वहां अब केवल दादाराव इंगले एकमात्र कांग्रेस नगरसेवक पार्टी से निष्ठावान रहने की जानकारी हमारे दर्यापुर संवाददाता विलास महाजन ने दी.
* विधायक कडू ने की थी महत्वपूर्ण मंत्रणा
उल्लेखनीय है कि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दर्यापुर की पॉलिटिक्स पर तगडी पकड रखनेवाले जिला बैंक के पूर्व अध्यक्ष व संचालक सुधाकर भारसाकले ने तीन माह पहले ही कांग्रेस छोड शिवसेना में प्रवेश किया था. तब से ही दर्यापुर पालिका में कांग्रेस गुट को लेकर नाना प्रकार की अटकले चल रही थी. यह भी चर्चा है कि, पिछले सप्ताह ही कांग्रेस के नगरसेवकों की विधायक बच्चू कडू के साथ महत्वपूर्ण मंत्रणा हुई थी. इसके बाद नगरसेवकों के कांग्रेस छोड शिवसेना प्रवेश का मुहूर्त तय हो जाने की जानकारी स्थानीय वरिष्ठ सूत्रों ने दी.
* डीसीएम शिंदे ने किया स्वागत
मुंबई में हुए कार्यक्रम में शिवसेना नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दर्यापुर पालिका के नगरसेवकों का पार्टी में स्वागत किया. केसरिया दुपट्टा गले में डालकर पार्टी में लिया गया. इस समय जय भवानी, जय शिवाजी के जयघोष रहे. उसी प्रकार एकनाथ शिंदे ने सभी नेताओं, नगरसेवकों का पार्टी में स्वागत कर उन्हें मार्गदर्शन भी किया. खासकर डीसीएम ने कहा कि, दर्यापुर विकास के लिए भरपूर फंड उपलब्ध करवाया जाएगा. दर्यापुर की कोई विकास योजना अधूरी नहीं रहेगी.
* इन लोगों ने थामा धनुष्यबाण
नगराध्यक्ष मंदाकिनी भारसाकले, जुलेखाबी अब्दुल मजीद घानीवाले, मुनिफाबी आयुष शहा, हबीब खान असदउल्ला खान, कविता दिलीप गवई, रामेश्वर शंकरराव चव्हाण, रेखा दिलीप चव्हाण, वंदना विठ्ठलसिंह सोलंकी, वर्षा विनोद बोरेकर, समीना परवीन सैयद नदीम, शेख नसीम इस्माईल उर्फ वसीम शेख, अहमद खां शहादत खां, उद्धव विश्वनाथ नलकांडे, स्नेहा शिवाजी देशमुख, सुनीता संजय चव्हाण, प्रवीणा नितिन गावंडे, स्वीकृत नगरसेवक रामेश्वर मालपानी, ईश्वर बुंदेले के साथ ही कांग्रेस पदाधिकारी और पूर्व बांधकाम सभापति शिवांशु देशमुख, विनोद बोरकर, पवन पाचपोर, अस्लम घानीवाले आदि ने आज उपमुख्यमंत्री और शिंदे गुट प्रमुख एकनाथ शिंदे और अमरावती जिले के धुरंधर शिवसेना लीडर, विधायक बच्चू कडू, शिवसेना के वरिष्ठ नेता सुधाकर भारसाकले के नेतृत्व और उपस्थिति में शिवसेना में प्रवेश किया.
* जिले की राजनीति में तहलका
विधायक बच्चू कडू अमरावती जिले में शिवसेना को लगातार मजबूत कर रहे हैं. विभिन्न दलों के कई बडे नेता और पदाधिकारियों को वे अपने पाले में अर्थात शिवसेना शिंदे में ला चुके हैं. चिखलदरा पालिका के भी कई नगरसेवक उनके संपर्क में होने का दावा और चर्चा कुछ दिनों से चल रही है. वहीं राजनीति के जानकार यह भी कह रहे है कि, जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक चुनाव के पहले बडी राजनीतिक उठापटक चल रही है.
* दर्यापुर को एक हजार करोड?
दर्यापुर में इस बात की जोरदार चर्चा सुनने मिल रही है कि, शिवसेना में प्रवेश लेने से पहले कांग्रेस नगरसेवकों के साथ विधायक बच्चू कडू की महत्वपूर्ण मीटिंग हुई. इस बैठक में चर्चा है कि, विधायक बच्चू कडू ने दर्यापुर के लिए एक हजार करोड के विकास कार्य अगले पांच वर्षों में करवाने का भरोसा दिलाया. तद्पश्चात आज का पार्टी प्रवेश का मुहूर्त तय हुआ. दर्यापुर की पॉलिटिक्स में पहली बार इतनी बडी संख्या में लगभग पूरी पार्टी ही पाला बदल हुआ है. गत दिसंबर में हुए पालिका चुनाव में बीजेपी और शिवसेना को कडी टक्कर देते हुए कांग्रेस ने 21 सदस्यों वाली पालिका में नगराध्यक्ष सहित 16 नगरसेवक विजयी हुए थे. 8 माह में ही कांग्रेस का पालिका गट बच्चू कडू ने फोडकर तहलका मचा दिया है.
* अब दो पालिका पर बच्चू कडू का वर्चस्व
विधायक बच्चू कडू के नेतृत्व में प्रहार संगठन ने चांदुर बाजार और अचलपुर पालिका इलेक्शन में अच्छा प्रदर्शन किया था. चांदुर बाजार में प्रहार की मनीषा मनीष नांगलिया नगराध्यक्ष निर्वाचित हुई. इससे पहले भी चांदुर बाजार में बच्चू कडू का दबदबा रहा है. अब दर्यापुर में भी बच्चू कडू ने तख्ता पलट दिया और बैठे-बिठाए शिवसेना की सत्ता वहां काबिज हो गई. नगराध्यक्ष और सभी नगरसेवकों ने धनुष्यबाण उठा लिया.

Back to top button