साइबर अपराध से निपटने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कार्यशाला

अमरावती /दि.15 – महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक श्री सदानंद दाते, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर एवं महिला अत्याचार निवारण), मुंबई तथा महाराष्ट्र साइबर, मुंबई की पहल पर अमरावती शहर और अमरावती क्षेत्र के साइबर विभाग में कार्यरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 14 अगस्त को एक दिवसीय साइबर कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला पुलिस आयुक्तालय के सभागार में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली.
महाराष्ट्र साइबर मुख्यालय के पुलिस निरीक्षक संतोष जाधव तथा फोरेंसिक विशेषज्ञ एवं कांस्टेबल पंकज मडेश्वर ने कार्यशाला में मार्गदर्शन किया. कार्यशाला की अध्यक्षता अमरावती शहर की पुलिस उपायुक्त प्राजंलि सोनवणे ने की. अमरावती शहर, अमरावती ग्रामीण, यवतमाल, बुलढाणा और अकोला से कुल 63 पुलिस अधिकारी तथा 220 प्रशासनिक कर्मचारी, यानी 283 अधिकारी-कर्मचारी इसमें शामिल हुए. कार्यशाला में विशेषज्ञों ने प्रगति कंप्लायंस, म्यूल अकाउंट्स, साइबर हॉटस्पॉट्स सहित ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से निपटने के उपायों की जानकारी दी. साथ ही महिलाओं और बच्चों के खिलाफ साइबर अपराधों की रोकथाम तथा साइबर विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई के संबंध में भी मार्गदर्शन किया गया. उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की शंकाओं का विशेषज्ञों ने समाधान किया.
यह कार्यशाला पुलिस आयुक्त राकेश ओला की मंजूरी तथा पुलिस उपायुक्त प्राजंलि सोनवणे के मार्गदर्शन में आयोजित की गई. कार्यक्रम को सफल बनाने में साइबर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक महेंद्र अंभोरे, सहायक निरीक्षक अनिकेत कासार, हेड कांस्टेबल निखिल माहुरे, महेश वाघमारे, नरेंद्र उधे, उल्हास टवलारे, करण बोरकुटे, निखिल हिमाने, अश्विन यादव, पवन जाधव, बालू पालवे तथा महिला अमलदार सपना साखरे, स्वप्निका गवई और सुषमा आठवले ने विशेष मेहनत की. कार्यक्रम का संचालन निखिल माहुरे ने तथा आभार प्रदर्शन पुलिस निरीक्षक महेंद्र अंभोरे ने किया.
* साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
नागरिकों से अपील की गई है कि वित्तीय साइबर धोखाधड़ी अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें. साथ ही लूलशीलीळाश.र्सेीं.ळप पर शिकायत दर्ज करें अथवा नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर पुलिस स्टेशन, अमरावती शहर से संपर्क करें.





