विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए

विधायक प्रवीण पोटे पाटील का प्रतिपादन

* पी. आर. पोटे पाटील एजुकेशनल ग्रुप में उत्साह और देशभक्ति के माहौल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
अमरावती /दि.15 – देशभक्ति के उत्साह और उमंग के बीच पी. आर. पोटे पाटील एजुकेशनल ग्रुप में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया. तिरंगे के रंगों से सजे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला. संस्था के अध्यक्ष एवं विधायक प्रवीण पोटे पाटील के हाथों ध्वजारोहण किया गया.
इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष श्रेयशदादा पोटे पाटील, एड. प्रवीण मोहोड़, कपिल अंडे, प्रकाश पुंड, सचिन वानखड़े सहित संस्था के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, उपप्राचार्य, डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए विधायक प्रवीण पोटे पाटील ने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए. युवाओं को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए. उन्होंने युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि युवा नई तकनीक और आधुनिक कौशल का उपयोग कर देश की प्रगति में योगदान दें और विकसित भारत के निर्माण के लिए आगे आएं. उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उनकी ऊर्जा तथा प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाना समय की आवश्यकता है.
* विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति की प्रस्तुतियां
समारोह के दौरान पी. आर. पोटे पाटील इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों के साहस, त्याग और बलिदान को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया. इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एकता, देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया. विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा और पूरा परिसर देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी से योगदान देकर देश की प्रगति में सहभागी बनने का संकल्प लिया. ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.

Back to top button