लाईट लगाते समय नीचे गिरे व्यक्ति की मौत
नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के जामठी गांव के सैयद सादुल्ला बाबा दरगाह की घटना

* मृतक के भाईयों ने दरगाह कमेटी पर लगाया लापरवाही का आरोप
अमरावती /दि.15- नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के जामठी के सैयद सादुल्ला बाबा दरगाह पर इलेक्ट्रीक का काम करते समय लाईट लगाने के दौरान पैर फिसलकर नीचे गिरने से एक 41 वर्षीय इलेक्ट्रिशीयन की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. इस घटना के बाद भी दरगाह कमेटी के कोई भी पदाधिकारी घटनास्थल पर मौजूद न रहने और मृतक के परिजनों को इस बाबत जानकारी न दिये जाने से उनमें तीव्र रोष व्याप्त है. नांदगांव पेठ पुलिस ने इस प्रकरण में जांच कर संबंधितों पर कार्रवाई करने की मांग मृतक के भाईयों ने की है. मृत व्यक्ति का नाम कामुंजा ग्राम निवासी शेख नौशाद शेख जब्बार है.
मृतक शेख नौशाद के छोटे भाई शेख सलमान शेख कादर ने अमरावती मंडल को बताया कि, उसका भाई शेख नौशाद इलेक्ट्रिशीयन का काम करता है. वह कामुंजा में रहता था. नांदगांव पेठ के पास के जामठी के सैयद सादुल्ला बाबा दरगाह कमेटी वालों ने शेख नौशाद को इलेक्ट्रीक का काम करने के लिए दरगाह पर बुलाया था. काम के दौरान शुक्रवार 14 अगस्त को दोपहर 2 से 3 बजे के दौरान लाईट लगाते समय पैर फिसलकर नीचे गिरने से उसकी मृत्यु हो गई. शेख सलमान का कहना है कि, घटना के समय दरगाह कमेटी का कोई भी पदाधिकारी वहां मौजूद नहीं था. यदि दरगाह कमेटी के लोग घटना के समय वहां रहते तो उसके भाई शेख नौशाद को अस्पताल ले जाकर समय पर उपचार मिलता और उसकी जान बच सकती थी. घटना की जानकारी किसी ने अमरावती रहने वाले मृतक के बडे भाई शेख मुजफ्फर को दी थी. उन्हीं के जरिए घटना की जानकारी कामुंजा पहुंची और दरगाह पहुंचकर शेख नौशाद को तत्काल नांदगांव पेठ पुलिस की सहायता से जिला अस्पताल लाया गया. इसके बावजूद दरगाह कमेटी का कोई भी पदाधिकारी वहां नहीं पहुंचा. आज शनिवार 15 अगस्त को दोपहर 12 बजे मृतक का जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम गृह में पीएम शुरु था, तब दरगाह कमेटी के लोग वहां पहुंचे. मृतक शेख नौशाद के भाई शेख सलमान ने लापरवाही बरतने वाले दरगाह कमेटी के लोगों पर कार्रवाई की मांग की है. नांदगांव पेठ पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरु की है.