स्वाधीनता दिवस पर पानी की टंकी पर चढे अभिषेक सवाई

आश्वासन के बाद किया आंदोलन समाप्त

* बडनेरा थाना क्षेत्र के उत्तमसरा ग्राम की घटना
अमरावती/दि.15 – ग्राम पंचायत उत्तमसरा, पंचायत समिति भातकुली और जिला परिषद अमरावती से संबंधित मांगों को लेकर उत्तमसरा निवासी अभिषेक सुभाषराव सवाई (37) ने शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे गांव की पानी की टंकी पर चढ़कर आंदोलन शुरू कर दिया. इससे गांव में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई.
बताया गया कि सवाई ने इससे पहले ग्राम पंचायत उत्तमसरा स्थित जिला परिषद माध्यमिक विद्यालय में कथित भ्रष्टाचार की शिकायत की थी. मामले में कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने अनशन किया था. उनके अनुसार, अनशन के बाद जांच समिति गठित कर जांच रिपोर्ट जिला परिषद अमरावती को सौंपी गई, लेकिन रिपोर्ट की प्रति नहीं मिलने से वे नाराज थे. इसी मांग को लेकर सवाई ने 15 अगस्त को ग्राम पंचायत कार्यालय उत्तमसरा, पंचायत समिति भातकुली अथवा जिला परिषद अमरावती के किसी कार्यालय में आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी थी. प्रशासन और पुलिस ने उन्हें आत्मदाह का निर्णय वापस लेने तथा अपनी मांगों को संबंधित प्रशासनिक स्तर पर रखने की अपील की थी.
इसी बीच शनिवार सुबह सवाई पानी की टंकी पर चढ़ गए. सूचना मिलते ही बडनेरा पुलिस स्टेशन के थानेदार हनमंत उरलागोंडावार तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने सवाई से चर्चा कर लोकहित में उचित कार्रवाई और उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया. करीब 11.30 बजे अभिषेक सवाई ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया और सकुशल पानी की टंकी से नीचे उतर आए. इसके बाद पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. अधिकारियों ने किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए मौके पर आवश्यक बंदोबस्त तैनात किया था. आंदोलन स्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी.

Back to top button