विद्युत भवन में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह से मनाया

कार्यालय को तंबाकू मुक्त रखने का संकल्प लिया गया

अमरावती /दि.17 – राष्ट्र के विकास की गति को तेज करने में बिजली महत्वपूर्ण घटक है. विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ते हुए बिजली के महत्व को समझकर महावितरण के प्रत्येक कर्मचारी को समर्पण और जिम्मेदारी की भावना से काम करते हुए अपना योगदान देना चाहिए. यह आह्वान मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने किया.
विद्युत भवन में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया. मुख्य अभियंता दिलीप दोडके के हाथों ध्वजारोहण किया गया. इस अवसर पर अधीक्षक अभियंता दीपक देवहाते, सहायक महाप्रबंधक रूपेश देशमुख, कार्यकारी अभियंता अमित बुटे, राजेश माहुलकर, प्रणाली विश्लेषक नितिन नांदुरकर, उपमुख्य औद्योगिक संबंध अधिकारी रामगोपाल अहिर, उपविधि अधिकारी प्रशांत लहाने, वरिष्ठ प्रबंधक यज्ञेश क्षीरसागर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे. इस अवसर पर संबोधित करते हुए मुख्य अभियंता दोडके ने कहा कि ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग’ की अवधारणा के अनुरूप अब सेवाएं अधिक ग्राहक-केंद्रित हो रही हैं. ऑनलाइन माध्यम से बाजार से छोटी-बड़ी वस्तुएं कुछ ही समय में आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं. इसी तर्ज पर महावितरण की कार्यप्रणाली में भी बदलाव की आवश्यकता है. बिजली ग्राहकों को किसी भी काम के लिए महावितरण कार्यालय आने की जरूरत न पड़े और उन्हें अधिकतर सेवाएं घर बैठे उपलब्ध हों, इस दिशा में कार्यप्रणाली विकसित की जानी चाहिए.
उन्होंने कहा कि महावितरण के कामकाज में टीम भावना का विशेष महत्व है. इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी पहचानकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए. कार्यक्रम के दौरान शपथ लेकर कार्यालय में महिला कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा कार्यालय को तंबाकू मुक्त रखने का संकल्प लिया गया. इसके साथ ही मुख्य अभियंता दिलीप दोडके के हाथों पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक विकास बांबल ने किया.

Back to top button