59 ग्राम एमडी समेत 10.28 लाख का माल जब्त
एमडी ड्रग्स की तस्करी पर पुलिस का शिकंजा

* दो आरोपियों को पकड़ा, मुंबई से अमरावती में एमडी बेचने की आशंका
अमरावती/दि.17 – शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जाल बिछाकर दो आरोपियों को पकड़ा. आरोपियों के पास से कुल 59 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक मोटरसाइकिल, दो स्मार्ट मोबाइल फोन, नकद राशि और इलेक्ट्रॉनिक कांटा सहित कुल 10 लाख 28 हजार 800 रुपये का माल जब्त किया गया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम अलहीलाल कालोनी निवासी शाहबाज अहमद जमील अहमद (18) और मुंबई निवासी आमिर बाबू शेख (26) है.
जानकारी के मुताबिक 16 अगस्त को डीबी दस्ते के साथ क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस हेड कॉन्स्टेबल मलिक अहमद को गोपनीय सूचना मिली कि शाहबाज अहमद और उसका साथी हबीब नगर स्थित सोहेल बारी के अस्पताल के पास आयशा पान सेंटर में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल हैं. जानकारी थानेदार मनोहर कोटनाके को दी गई. उनके मार्गदर्शन में पुलिस ने ड्रग ऑपरेशन की योजना बनाई और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देकर फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया. इसके बाद हबीब नगर में सोहेल बारी की फार्मेसी के पास आयशा पान सेंटर पर पुलिस ने जाल बिछाया. कुछ देर बाद शाहबाज अहमद अपने एक साथी के साथ संदिग्ध अवस्था में वहां दिखाई दिया. पुलिस कर्मचारियों की मदद से दोनों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम शाहबाज अहमद जमील अहमद (18) बताया. पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कर आरोपियों के पास से 59 ग्राम एमडी, जिसकी कीमत करीब 8 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है, अपराध में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, दो स्मार्ट मोबाइल फोन, 1,800 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक कांटा समेत कुल 10 लाख 28 हजार 800 रुपये का माल जब्त किया. मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जब्त पदार्थ की प्राथमिक जांच की, जिसमें प्रथमदृष्टया उसके एमडी (मेफेड्रोन) होने की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है. ड्यूटी ऑफिसर पुलिस उपनिरीक्षक दादू दहीकर की लिखित शिकायत पर आरोपी शाहबाज अहमद जमील अहमद (18) और आमिर बाबू शेख (26) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(सी), 22(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी आमिर बाबू शेख मुंबई से अमरावती शहर में बड़ी मात्रा में एमडी खरीदने और बेचने के उद्देश्य से आया था. मामले में ड्रग्स की सप्लाई चेन और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके तथा गाडगे नगर विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त निलेश ब्राम्हणे के मार्गदर्शन में थानेदार मनोहर कोटनाके, डीबी प्रभारी पुलिस उपनिरीक्षक विकास मनपिया, हेड कॉन्स्टेबल मलिक अहमद, हेड कॉन्स्टेबल दिनेश नांदे, कॉन्स्टेबल दानिश शेख, राहुल रोडे, सागर पंडित और विक्रम नशीबकर की टीम ने की.





