एसटी बस की टक्कर से एक मजदूर की मौत, दो गंभीर घायल
दर्यापुर-अमरावती मार्ग के आराला फाटा की घटना

दर्यापुर/दि.18 – नाग पंचमी के दिन सोमवार शाम करीब 6:30 बजे दर्यापुर-अमरावती मार्ग पर आराला फाटा के पास एसटी बस की टक्कर से दोपहिया सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान छोटेलाल सुखलाल डिकारे के रूप में हुई है. घायलों में प्रेखदास बाजीलाल कासडेकर और हीरालाल बारस्कर शामिल हैं. तीनों मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के उटारी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक तीनों मजदूर खेती के काम के लिए दर्यापुर आए थे. सोमवार शाम वे अमरावती से दर्यापुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान अराला-बोराला मार्ग पार करते समय पास से गुजर रही एसटी बस ने उनके दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पैरामेडिक्स विक्की होले और सचिन शेलारे मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल उपचार के लिए दर्यापुर के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में डॉक्टरों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. इसके चलते दर्यापुर-अमरावती मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.





