बुलढाणा में पीरिपा के जिलाध्यक्ष ने की आत्महत्या

राजनीतिक-सामाजिक हलके में शोक

बुलढाणा/दि.18 – जिले के चिखली शहर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय पंढरीनाथ गवई (48) ने अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना मंगलवार तड़के सामने आई, जिसके बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विजय गवई चिखली स्थित अपने घर पर थे. सुबह परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही चिखली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए चिखली ग्रामीण अस्पताल भेज दिया. विजय गवई सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय थे और विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते रहे थे. उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Back to top button