मैनेजरों ने खुलवाए 60-70 फर्जी खाते

मुथूट फिनकॉर्प घोटाला

* ग्राहकों का गिरवी रखा सोना फर्जी खातों में ट्रांसफर कर रकम हड़पने का आरोप
* 1.709 किलो सोना बरामद, तीन आरोपी जेल भेजे गए
अमरावती/दि.20 – मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड की एक शाखा में करोड़ों रुपए के कथित घोटाले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि शाखा के मैनेजरों ने कथित तौर पर 60 से 70 फर्जी खाते खुलवाकर ग्राहकों द्वारा गिरवी रखे गए सोने को उन खातों में ट्रांसफर किया और इसके आधार पर लोन की रकम निकालकर उसका इस्तेमाल किया. मामले में पुलिस ने अब तक 1 किलो 709.88 ग्राम सोना जब्त किया है. तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस ने कथित करोड़ों रुपए के इस घोटाले के मामले में ब्रांच मैनेजर शुभम रवींद्र वासेवाय, सूरज अनिलराव खेरकर और धीरज पंचमराव सिरसाट को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान ग्राहकों के गिरवी रखे सोने को शहर के कुछ सुनारों के पास गिरवी रखने की जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस ने चार सुनारों से 1 किलो 709.88 ग्राम सोना बरामद किया.
* महिलाओं और युवाओं के नाम पर खुलवाए खाते
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर कुछ महिलाओं और युवाओं को पैसे का लालच देकर उनके नाम पर कंपनी में खाते खुलवाए. ग्राहकों द्वारा गिरवी रखे गए सोने को इन फर्जी खातों में जमा किया जाता था. इसके बाद उस सोने के आधार पर लोन की रकम निकाली जाती थी. पुलिस ने ऐसे करीब 60 से 70 खाताधारकों की सूची तैयार की है. इन सभी की भूमिका की जांच की जा रही है. बुधवार को पुलिस ने छह महिलाओं से पूछताछ भी की. बाकी खाताधारकों से पूछताछ के बाद कथित वित्तीय घोटाले की पूरी श्रृंखला सामने आने की उम्मीद है.
* करोड़ों की संपत्ति खरीदने का भी संदेह
पुलिस को संदेह है कि आरोपियों शुभम वासेवई और सूरज खेरकर ने ग्राहकों के सोने से हासिल रकम से संपत्ति खरीदी है. जांच में सामने आया है कि वासेवाय ने वरुड़-कुरहा रोड पर मुख्य मार्ग के किनारे दो कृषि जमीनें और तीन-चार प्लॉट खरीदे हैं. वहीं, सूरज खेरकर द्वारा करीब एक महीने पहले छांगाणी नगर में करोड़ों रुपए का मकान खरीदने की जानकारी भी पुलिस को मिली है. पुलिस इन संपत्तियों की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है.
* 2.817 किलो सोना और 51.34 लाख रुपए का गबन
पुलिस के मुताबिक मामले में कुल 2 किलो 817.47 ग्राम सोना और 51 लाख 34 हजार 20 रुपए के गबन का आरोप है. इसकी कुल कीमत करीब 4 करोड़ 49 लाख 83 हजार 20 रुपए बताई गई है. अब तक पुलिस ने 1 किलो 709.88 ग्राम सोना बरामद कर लिया है. करीब एक किलो सोना और उससे संबंधित रकम का पता लगाना बाकी है. पुलिस फर्जी खाताधारकों और मामले से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर शेष सोना और रकम बरामद करने की कोशिश कर रही है.

Back to top button