शासकीय विदर्भ ज्ञान-विज्ञान संस्थान में मनोविज्ञान विभाग का इंडक्शन कार्यक्रम संपन्न

अमरावती/दि.21 – शासकीय विदर्भ ज्ञान-विज्ञान संस्थान के मनोविज्ञान विभाग की ओर से बीए भाग-1 और एमए भाग-1 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए मंगलवार, 18 अगस्त को इंडक्शन कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मनोविज्ञान विभाग, पाठ्यक्रम तथा भविष्य में उपलब्ध करियर के अवसरों की जानकारी देना था.
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के संचालक डॉ. केशव तुपे ने की. आयोजन विभागाध्यक्ष सहायक प्राध्यापक वैशाली के. शेलके के मार्गदर्शन में किया गया. इस अवसर पर मनोविज्ञान अभ्यास मंडल की प्रभारी डॉ. सुमेधा जाधव, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण मस्के, अधिव्याख्याता शरद मानकर, प्रवीण लोही, सुरेश जामोतकर, जुबेर खान, मिलिंद वानखड़े, शुभम वैद्य, रूपाली गायकवाड़, अश्विनी बोंद्रे, ज्योति कोहली, कोमल मोंढे, कर्मचारी मंगला काले सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे. अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. केशव तुपे ने विद्यार्थियों को क्राउड साइकोलॉजी, आरईबीटी तथा मनोविज्ञान के क्षेत्र में सिगमंड फ्रायड के योगदान के बारे में जानकारी दी. उन्होंने मनोविज्ञान विषय का दैनिक जीवन से संबंध स्पष्ट करते हुए विद्यार्थियों से विषय का गहन अध्ययन करने और चिकित्सकीय एवं तार्किक दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया.
विभागाध्यक्ष वैशाली के. शेलके ने विद्यार्थियों को विभाग की गतिविधियों, पाठ्यक्रम, अध्ययन की दिशा, इस वर्ष आयोजित किए जाने वाले शैक्षणिक उपक्रमों तथा मनोविज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध उच्च शिक्षा और करियर के अवसरों की जानकारी दी. डॉ. लक्ष्मण मस्के ने विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन में उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने, अध्ययन में निरंतरता बनाए रखने, व्यक्तित्व विकास तथा भविष्य के करियर के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने का महत्व बताया. मनोविज्ञान मंडल की प्रभारी डॉ. सुमेधा जाधव ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विभाग द्वारा इस वर्ष आयोजित किए जाने वाले संभावित उपक्रमों को लेकर उनके सुझाव और अपेक्षाएं जानीं. विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों को लेकर उत्साहपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए.
कार्यक्रम का संचालन रूपाली गायकवाड़ ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कोमल मोंढे ने किया. कार्यक्रम के बाद सभी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने संस्थान के केंद्रीय पुस्तकालय का दौरा किया. इस दौरान पुस्तकालय के कर्मचारी श्री ढवले ने विद्यार्थियों को मनोविज्ञान विषय से संबंधित पुस्तकों, संदर्भ ग्रंथों, शोध पत्रिकाओं तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों की जानकारी दी. साथ ही अध्ययन और शोध के लिए पुस्तकालय का प्रभावी उपयोग कैसे किया जाए, इस संबंध में मार्गदर्शन किया. कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने उत्स्फूर्त प्रतिसाद दिया. मनोविज्ञान विषय के अध्ययन तथा आगे की शैक्षणिक यात्रा के लिए आवश्यक मार्गदर्शन मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया. कार्यक्रम की सफलता के लिए विभाग के सभी प्राध्यापकों, अधिव्याख्याताओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का सहयोग रहा.

Back to top button