राजुरा नाका परिसर में तेंदुए का आतंक, सुरक्षा गार्ड समेत कई लोगों पर हमला

रात 10 से 11 बजे के बीच हुई घटना

* एक घायल जिला अस्पताल पहुंचा, वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी
अमरावती/दि.26– शहर के राजुरा नाका परिसर में मंगलवार 25 अगस्त की रात तेंदुए की मौजूदगी और उसके हमले की खबर से हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार तेंदुए ने सुरक्षा कर्मी समेत कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. एक साथ कई लोगों पर हमले की खबर सामने आने के बाद राजुरा नाका और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक यह घटना मंगलवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई. बताया जा रहा है कि तेंदुए ने सबसे पहले वहां तैनात एक सुरक्षा कर्मी पर हमला किया. इसके बाद आसपास मौजूद अन्य लोगों को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है. तेंदुए के हमले में मासोद ग्राम निवासी शेख आसिफ शेख अंसार और रमेश केदार के घायल होने की जानकारी मिली है. इसके अलावा जीवन प्राधिकरण के एक सुरक्षा कर्मी को भी मामूली चोट लगने की बात सामने आई है. घायलों में से एक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य घायलों को भी उपचार दिए जाने की जानकारी है.
* करीब पांच अन्य लोगों पर भी हमले की जानकारी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार तेंदुए ने सुरक्षा कर्मी के अलावा करीब पांच अन्य लोगों पर भी हमला किया है. हालांकि, हमले में घायल हुए लोगों की कुल संख्या और उनकी चोटों की गंभीरता के संबंध में वन विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. तेंदुए के अचानक हमले के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के नागरिकों ने सतर्कता बरतना शुरू कर दिया. रात के समय राजुरा नाका परिसर में लोगों की आवाजाही भी प्रभावित होने की जानकारी है.
* पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वन विभाग के कर्मचारियों ने परिसर का निरीक्षण करते हुए तेंदुए की गतिविधियों के निशान और उसके संभावित ठिकानों की तलाश शुरू की. समाचार लिखे जाने तक राजुरा नाका परिसर और आसपास के क्षेत्र में वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी था. तेंदुआ अभी भी परिसर में मौजूद है या किसी अन्य दिशा में चला गया है, इसका पता लगाने के लिए वन विभाग की टीम लगातार तलाशी अभियान चला रही थी.
* नागरिकों में भय का माहौल
राजुरा नाका परिसर में तेंदुए के हमले की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों में भय का वातावरण है. लोगों को तेंदुए के दोबारा हमला करने की आशंका बनी हुई है. नागरिकों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से पकड़ने और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है. वन विभाग की टीम ने नागरिकों से सतर्क रहने और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने की अपील की है. साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने तथा तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है.

Back to top button