ऑपरेशन कवच के तहत 253 पान टपरियों पर पुलिस की कार्रवाई
स्कूल-कॉलेज परिसर को नशामुक्त और तंबाकूमुक्त बनाने का अभियान

अमरावती/दि.26- जिला ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर जिले में स्कूल और महाविद्यालय परिसरों को नशामुक्त एवं तंबाकूमुक्त बनाने के लिए ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के अंतर्गत स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकूजन्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की कार्रवाई की जा रही है.
जिले के 31 पुलिस थानों के अंतर्गत आने वाले स्कूल एवं महाविद्यालय परिसरों के 100 मीटर के दायरे में स्थित 253 पान टपरियों पर पुलिस ने कार्रवाई की है. इसके अलावा स्कूल परिसरों के आसपास स्थित किराना दुकानदारों को भी तंबाकूजन्य पदार्थ, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थ नहीं बेचने की सूचना दी गई है.
* लगातार की जा रही निगरानी
अमरावती जिले के सभी 31 पुलिस थानों के अंतर्गत स्कूल और महाविद्यालय परिसरों को नशामुक्त एवं तंबाकूमुक्त रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है. पुलिस अधिकारी और कर्मचारी संबंधित क्षेत्रों में बार-बार भेंट देकर तंबाकूजन्य पदार्थों की बिक्री पर नजर रख रहे हैं. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
* पालक, शिक्षक और विद्यार्थियों से सहयोग की अपील
एसपी निकेतन कदम ने जिले के नागरिकों, पालकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि स्कूल-महाविद्यालय परिसर या उसके आसपास यदि कोई व्यक्ति तंबाकूजन्य पदार्थ, गुटखा, सिगरेट अथवा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करता दिखाई दे तो इसकी जानकारी पुलिस को दी जाए. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक परिसरों को नशे और तंबाकू से मुक्त रखना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.





