इर्विन अस्पताल परिसर में 117.5 ग्राम गांजा बरामद, आरोपी गिरफ्तार

मेडिकल जांच के लिए लाए गए कैदी को गांजा देने का था संदेह

अमरावती /दि.27– जिला सामान्य अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए लाए गए एक कैदी के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास लाल प्लास्टिक टेप में लिपटा हुआ 117.5 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 5,875 रुपये बताई गई है. घटना 25 अगस्त की दोपहर की है.
पुलिस मुख्यालय के कार्यवाहक अधिकारी अमित धनकड़ की शिकायत पर सिटी पुलिस ने मंगलवार देर रात हबीबनगर निवासी आरोपी जाकिर खान अहमद खान (40) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के मुताबिक पुलिसकर्मी आरोपी को जेल से मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लेकर आए थे. दोपहर करीब 12.30 बजे कैदी हामीद खान सिकंदर खान को मनोरोग विभाग में जांच के दौरान शौचालय ले जाया गया था. इसी दौरान बाहर सुरक्षा में तैनात अमित धनकड़ की नजर जाकिर खान पर पड़ी, जो संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था. संदेह होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली. उसके पास प्लास्टिक की एक गेंदनुमा पुड़िया मिली, जिसे लाल प्लास्टिक टेप से कसकर लपेटा गया था. खोलने पर उसमें गांजा बरामद हुआ.
कैदी को देने आया था या किसी और को?
पुलिस को संदेह है कि जाकिर खान यह गांजा जेल से मेडिकल जांच के लिए लाए गए कैदी को देने के उद्देश्य से अस्पताल पहुंचा था. हालांकि, गांजा वास्तव में कैदी को ही दिया जाना था या किसी अन्य व्यक्ति को, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है.

Back to top button