अमरावती शहर भाजपा की कोर कमेटी घोषित
प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने की घोषणा

* शहराध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे की अध्यक्षता में बनी है कोर कमेटी
* कोर कमेटी में जिला प्रभारी विधायक संजय कुटे का भी समावेश
अमरावती/दि.27 – भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र प्रदेश की ओर से अमरावती शहर जिला भाजपा की कोर कमेटी की घोषणा 25 अगस्त को की गई. प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री संजय कुटे के हस्ताक्षर से अमरावती शहर जिला कोर कमेटी का गठन किया गया है. भाजपा अमरावती शहर जिलाध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे की अध्यक्षता में यह कमेटी काम करेगी. पार्टी संगठन को और मजबूत एवं गतिशील बनाने के साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, अभियानों तथा जनसंपर्क गतिविधियों के प्रभावी नियोजन और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी कोर कमेटी के माध्यम से निभाई जाएगी.
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण द्वारा घोषित भाजपा की शहर जिला कोर कमेटी में मौजुदा शहराध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे को ही शहराध्यक्ष के तौर पर शहर जिला कोर कमेटी की कमान सौंपी गई है. वहीं जिला महासचिव पद पर ललित समदुरकर, बादल कुलकर्णी, राधा कुरील व चेतन पवार को यथावत कायम रखा गया.
* इन नेताओं को मिली कोर कमेटी में जगह
प्रदेश भाजपा की ओर से घोषित अमरावती शहर जिला कोर कमेटी में शहर जिला जिलाध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे, जिला प्रभारी संजय कुटे, महासचिव ललित समदुरकर, बादल कुलकर्णी, राधा कुरिल और चेतन पवार को शामिल किया गया है. केंद्र/राज्य के मंत्रियों की श्रेणी में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले तथा राष्ट्रीय/प्रदेश पदाधिकारियों की श्रेणी में प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी का समावेश है. सांसद/विधायक श्रेणी में सांसद डॉ. अनिल बोंडे, व विधायक प्रवीण पोटे को शामिल किया गया है. वहीं महापौर व जिला परिषद अध्यक्ष श्रेणी में महापौर श्रीचंद तेजवानी का नाम शामिल है. जबकि पूर्व शहर / जिला अध्यक्ष की श्रेणी में प्रा. दिनेश सूर्यवंशी व मनपा के सभागृह नेता चेतन गावंडे का समावेश किया गया है. इसके अलावा वरिष्ठ नेताओं की श्रेणी में पूर्व सांसद नवनीत राणा, पूर्व महापौर किरण महल्ले तथा प्रदेश सदस्य किरण पातुरकर व जयंत डेहनकर को स्थान दिया गया है.
* डॉ. नितीन धांडे ने जताया आभार
कोर कमेटी की घोषणा के बाद भाजपा अमरावती शहर जिलाध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे ने कमेटी में शामिल सभी पदाधिकारियों की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, प्रदेश महामंत्री संजय कुटे सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया. नई कोर कमेटी के गठन से अमरावती शहर में भाजपा के संगठनात्मक कामकाज को अधिक गति मिलने तथा आगामी अभियानों और जनसंपर्क गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की उम्मीद जताई जा रही है.
* आगामी अभियानों की जिम्मेदारी भी कोर कमेटी पर
प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व की ओर से आगामी दिनों में घोषित किए जाने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों, अभियानों, जनसंपर्क गतिविधियों तथा सामाजिक कार्यक्रमों को अमरावती शहर में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कोर कमेटी नियोजन करेगी. पार्टी की विचारधारा, केंद्र व राज्य सरकार के विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की भी योजना है.
* बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
भाजपा की संगठनात्मक व्यवस्था में बूथ स्तर को महत्वपूर्ण माना जाता है. इसी के मद्देनजर अमरावती शहर के प्रत्येक बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा. नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने, मौजूदा कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर रहेगा. इसके साथ ही नागरिकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को जानकर उनके समाधान के लिए प्रभावी भूमिका निभाने का प्रयास किया जाएगा.
* सरकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी शहर के पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनजागरण और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे. पार्टी का उद्देश्य रहेगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहें.





