रिश्वतखोर कृषि अधिकारी को एसीबी ने 25 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा

निरीक्षण में मिली खामियां वरिष्ठों को नहीं भेजने और लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश रोकने के बदले मांगी थी रिश्वत

मानोरा /दि.29 – एंटी करप्शन ब्यूरो ने गुरुवार को मानोरा तहसील कृषि कार्यालय में कार्रवाई करते हुए जिला कृषि अधिकारी एवं गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी उमेश राठोड को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई शाम करीब 4.45 बजे की गई.
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता के कृषि केंद्र का निरीक्षण करने पर अधिकारी को कुछ खामियां मिली थीं. आरोप है कि इन खामियों की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं भेजने तथा कृषि केंद्र का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश नहीं करने के बदले राठोड ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की. रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने 10 अगस्त को एसीबी के पास शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई. गुरुवार को मनोरा तहसील कृषि कार्यालय में जाल बिछाया गया. इसी दौरान उमेश राठोड को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया. एसीबी की इस कार्रवाई से कृषि विभाग में हड़कंप मच गया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है.

Back to top button