बबलू शाह बने शिवसेना अल्पसंख्यक सेल के विदर्भ प्रदेश सचिव

15 वर्षों से रूग्णसेवा व सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में हैं सक्रिय

अमरावती/दि.29– पिछले डेढ़ दशक से जरूरतमंद मरीजों की सेवा और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाले प्रसिद्ध रुग्ण सेवक बबलू शाह को शिवसेना के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए विदर्भ सचिव नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति को लेकर शिवसैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा रुग्ण सेवा से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है.
बबलू शाह पिछले लगभग 15 वर्षों से निस्वार्थ भाव से रुग्ण सेवा करते आ रहे हैं. उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हजारों जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों की सहायता की है. विशेष बात यह है कि उन्होंने स्वयं 58 बार रक्तदान कर कई गंभीर मरीजों की जान बचाने में योगदान दिया है. उनकी सेवाओं के कारण उन्हें विदर्भ क्षेत्र में एक संवेदनशील और समर्पित रुग्ण सेवक के रूप में अलग पहचान मिली है. हाल ही में उनके उत्कृष्ट सामाजिक एवं मानवतावादी कार्यों को देखते हुए उन्हें विदर्भ रुग्ण बंधू सम्मान से भी सम्मानित किया गया. यह सम्मान उन्हें पूर्व लेडी गवर्नर प्रा. कमलताई गवई के हाथों प्राप्त हुआ, जिसे उनके लंबे सेवा कार्यों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
बबलू शाह सभी धर्मों और समाज के लोगों के बीच समान रूप से कार्य करने के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने कभी जाति, धर्म या वर्ग का भेदभाव किए बिना मरीजों की मदद को प्राथमिकता दी. यही कारण है कि आज विदर्भ के विभिन्न जिलों में उनसे जुड़े हजारों रुग्ण बंधू और सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उनके संपर्क में हैं. शिवसेना नेतृत्व ने उनकी सामाजिक स्वीकार्यता, जनसंपर्क और सेवा कार्यों को देखते हुए उन्हें अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के विदर्भ सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है. राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि बबलू शाह की नियुक्ति से शिवसेना का अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ विदर्भ में और अधिक मजबूत होगा तथा संगठन को जमीनी स्तर पर नया विस्तार मिलेगा.
इस अवसर पर संगठन के अन्य पदाधिकारियों में अजमत शाह (जिला अध्यक्ष), जुबेर पठान (तालुका अध्यक्ष), सिकंदर खान (शहर अध्यक्ष), मोहम्मद समीर (बडनेरा शहर अध्यक्ष), सैयद अखिल (संपर्क प्रमुख), शेख अरबाज (युवा सेना शहर अध्यक्ष), फरहान अहमद (शहर उपाध्यक्ष), असीम शाह (युवा सेना शहर उपाध्यक्ष), मुजम्मिल अंसारी तथा अचलपुर जिला अध्यक्ष सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे. नवनियुक्त विदर्भ सचिव बबलू शाह ने इस अवसर पर शिवसेना नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे. उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा और रुग्ण सहायता का कार्य आगे भी उसी समर्पण के साथ जारी रहेगा तथा संगठन को मजबूत करने के लिए विदर्भ के सभी जिलों में कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम किया जाएगा.

Back to top button