खेत से घर लौट रही महिला की हत्या

* धारणी तहसील के गोबरकहू गांव की घटना
* शाम ढलने के आसपास वारदात होने का अंदेशा
* महिला के घर वापिस नहीं लौटने पर शुरू हुई थी पडताल
* रात 9 बजे के आसपास महिला का एक खेत में शव पडा मिला
* गले में पहना चांदी का आभूषण खींचकर गला घोंटने का संदेह
* अज्ञात आरोपी की तलाश में धारणी पुलिस व एलसीबी की टीम
अमरावती/धारणी/दि.28 – मेलघाट के धारणी तहसील अंतर्गत गोबरकहू गांव में खेत से घर लौट रही एक महिला की निर्मम हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. मृतका की पहचान सेमती राम कासदेकर (50) के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला के गले में पहने चांदी के आभूषण को खींचकर उसी के सहारे उसका गला घोंटे जाने की आशंका है. दम घुटने के कारण महिला की घटनास्थल पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है. इस वारदात से गोबरकहू सहित आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए धारणी पुलिस के साथ ग्रामीण अपराध शाखा की टीम भी मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
* घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने शुरू की तलाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेमती कासदेकर रोज की तरह खेत में काम के लिए गई थीं. सोमवार शाम खेत का काम निपटाने के बाद वह घर लौट रही थीं. शाम ढलने के आसपास उनके साथ यह वारदात होने का अंदेशा जताया जा रहा है. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब सेमती घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई. परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आसपास के खेतों तथा आने-जाने वाले रास्तों पर खोजबीन की.
* रात करीब 9 बजे खेत में मिला शव
तलाश के दौरान रात करीब 9 बजे के आसपास एक खेत में सेमती कासदेकर का शव पड़ा हुआ मिला. महिला के शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई. तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही धारणी पुलिस का दल घटनास्थल पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की.
* चांदी के आभूषण से गला घोंटने का संदेह
प्रारंभिक जांच में महिला के गले में चांदी का आभूषण पाया गया. पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने इसी आभूषण को खींचकर महिला का गला दबाया अथवा घोंटा होगा. दम घुटने के कारण उसकी मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है. हालांकि, हत्या का वास्तविक कारण क्या था और वारदात में कितने लोग शामिल थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
* ग्रामीण अपराध शाखा भी जांच में जुटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए धारणी पुलिस के साथ ग्रामीण अपराध शाखा का दल भी आरोपी की तलाश में जुट गया है. पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है. घटनास्थल और महिला के घर लौटने वाले रास्ते के आसपास भी जानकारी जुटाई जा रही है. हत्या के पीछे लूट, व्यक्तिगत विवाद अथवा अन्य कोई कारण है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
* मेलघाट में दहशत का माहौल
खेत से घर लौट रही महिला की इस तरह हत्या किए जाने की घटना से गोबरकहू गांव सहित पूरे परिसर में भय का वातावरण है. शाम के समय खेतों से घर लौटने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हत्यारे की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी एवं पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण तथा हत्या की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.

Back to top button