नितिन गुडधे ने कहा देंगे तगडा जवाब

डॉ. बोंडे को धमकी का कडा निषेध

* जनशक्ति से बता देंगे विरोधियों को उनकी जगह
अमरावती/दि.29 – भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे को शिवसेना उबाठा के नेता पराग गुडधे द्वारा धमकी देने और भद्दी भाषा का उपयोग करने का भाजपा महामंत्री नितिन गुडधे पाटिल ने कडे शब्दों में निषेध किया है. गुडधे पाटिल ने कहा कि, इस प्रकार की भाषा और धमकी का बीजेपी कानून की परिधि में रहकर उत्तर देना जानती है और जनशक्ति के माध्यम से विरोधियों को उनकी जगह बता दी जाएगी.
नितिन गुडधे ने जारी प्रेस बयान में कहा कि, राजकारण में आरोप-प्रत्यारोप होते रहते हैं. उसकी एक वैचारिक सीमा होना आवश्यक है. भारत के लोकतंत्र और संविधान ने सभी को यह अवसर दिया है. किंतु शिवसेना के पराग गुडधे ने जिस प्रकार की गुंडगिरी की भाषा और धमकी का उपयोग किया, वह लोकतांत्रिक मूल्यों को क्षति पहुंचाने वाली भाषा है.
भाजपा ग्रामीण महामंत्री ने यह भी कहा कि, अमरावती में राजकीय पटल पर पराग गुडधे की क्या जगह, यह यहां की जनता को भलीभांति पता है. केवल पब्लिसीटी के लिए इस प्रकार के बेतरतीब और धमकाने वाले बयान दिए जाते हैं. यह सहन नहीं किया जाएगा, किंतु कानून की हद में रहकर इसका उत्तर देना भाजपा जानती है. गुडधे पाटिल ने कहा कि, हम कानून और संविधान का सम्मान करते हैं, इसलिए संयम रख रहे हैं. ऐसा नहीं है कि, हम जैसे को तैसा उत्तर नहीं दे सकतें.

Back to top button