कुख्यात अपराधी निखिल उर्फ निक्कू गायकवाड़ पर एमपीडीए
कब्जे में लेकर किया जेल रवाना

अमरावती /दि.1- महेंद्र कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय कुख्यात अपराधी निखिल उर्फ निक्कू राजू गायकवाड़ के खिलाफ पुलिस ने एमपीडीए एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लेकर अमरावती सेंट्रल जेल भेज दिया है. पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने 31 अगस्त को इस संबंध में आदेश जारी किया.
पुलिस के अनुसार, निखिल उर्फ निक्कू वर्ष 2023 से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है. उसके खिलाफ गाडगेनगर पुलिस थाने में कुल 16 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें चोरी, डकैती, घर में अवैध प्रवेश, अपहरण, महिला का जबरन विवाह के लिए अपहरण या बहला-फुसलाकर ले जाना, अवैध रूप से रोकना, अश्लील हरकतें, संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, जान से मारने की धमकी, गंभीर चोट पहुंचाना, डकैती की तैयारी, मारपीट, यौन अपराध, बच्चों के यौन शोषण तथा अवैध हथियार रखने जैसे मामले शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है. देश निकाला तडीपारी का आदेश जारी होने के बावजूद उसके आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के चलते उसके खिलाफ एमपीडीए के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया गया.
यह प्रस्ताव गाडगेनगर पुलिस स्टेशन के थानेदार गोरखनाथ जाधव तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से पुलिस आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया गया था. प्रस्ताव पर पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने 31 अगस्त को एमपीडीए के तहत हिरासत का आदेश जारी किया. आदेश के बाद थानेदार गोरखनाथ जाधव तथा डीबी टीम के एसपीओ सागर ठाकरे, हेड कांस्टेबल विनोद इंगले, सचिन मोहाड और अन्य कर्मचारियों ने आरोपी को तलाश कर हिरासत में लिया. इसके बाद उसे अमरावती सेंट्रल जेल में पहुंचा दिया गया.
* त्योहारों को देखते हुए अपराधियों पर शिकंजा
आगामी त्यौहारों के मद्देनजर अमरावती पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में सक्रिय एवं कुख्यात अपराधियों की जानकारी इकठ्ठा कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आयुक्त राकेश ओला के आदेश तथा क्राइम ब्रांच के निरीक्षक अतुल वर के मार्गदर्शन में एमपीडीए सेल के माध्यम से अपराधियों पर कार्रवाई का अभियान तेज किया जाएगा.





