समृद्धी महामार्ग पर भीषण हादसा, एक की मौत, 10 गंभीर घायल

वैजापुर के पास तेज रफ्तार ट्रैवल्स बस ने कंटेनर को पीछे से मारी जोरदार टक्कर

छत्रपति संभाजीनगर/ दि. 31- समृद्धी महामार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि ट्रैवल्स बस में सवार 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दुर्घटना छत्रपति संभाजीनगर जिले में वैजापुर के पास हुई. हादसे के बाद महामार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर की ओर तेज गति से जा रही एक ट्रैवल्स बस ने आगे चल रहे कंटेनर ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. इस हादसे में वैजापुर निवासी हेमंत हरिश्चंद्र दाभाडे (65) की मौत हो गई. वहीं बस में सवार 10 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए वैजापुर स्थित उपजिला अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सकों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है. कुछ यात्रियों की हालत गंभीर होने की जानकारी सामने आई है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस की तेज रफ्तार के कारण यह दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस द्वारा दुर्घटना की जांच की जा रही है. कंटेनर और ट्रैवल्स बस की स्थिति, चालक की भूमिका तथा घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.
समृद्धी महामार्ग पर लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर वाहन चालकों की तेज रफ्तार, यातायात अनुशासन और महामार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. लंबे और सीधे मार्ग पर तेज गति से वाहन चलाने तथा आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी नहीं रखने के कारण गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. हाल के दिनों में समृद्धी महामार्ग पर यात्रियों और वाहनों से जुड़ी अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं. ऐसे में इस नए हादसे ने महामार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Back to top button