अमरावती में ‘सात्त्विक गणपति’ पहल के तहत पर्यावरणपूरक गणेश प्रतिमा कार्यशाला
सांस्कृति भवन में 12 को आयोजन

अमरावती /दि.1- पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सात्त्विक गणपति’ पहल के तहत मिट्टी से पर्यावरणपूरक गणेश प्रतिमा बनाने की कार्यशाला आयोजित की जाएगी. यह कार्यशाला शनिवार, 12 सितंबर को सुबह 10 बजे सांस्कृतिक भवन, अमरावती में आयोजित होगी.
‘सात्त्विक गणपति’ पहल मयूरी दीपक खताड़े के उपक्रम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला को अमरावती जिलाधिकारी कार्यालय, अमरावती मनपा तथा ‘माझी वसुंधरा’ अभियान का सहयोग मिलेगा. जिलाधिकारी आशीष येरेकर की सहमति एवं मार्गदर्शन में इस पहल का आयोजन किया जा रहा है. कार्यशाला में नागरिकों को मिट्टी से अपने हाथों से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा. साथ ही पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव का महत्व, मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं से होने वाले पर्यावरणीय लाभ तथा पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता के संबंध में जनजागृति की जाएगी.
* निःशुल्क होगी कार्यशाला
विशेष बात यह है कि कार्यशाला नागरिकों के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगी. गणेश प्रतिमा बनाने के लिए आवश्यक सभी सामग्री आयोजकों की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी. विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतिमा निर्माण की पूरी प्रक्रिया प्रत्यक्ष रूप से सिखाई जाएगी. इससे नागरिकों को स्वयं पर्यावरणपूरक गणेश प्रतिमा बनाने का अनुभव मिलेगा. आयोजकों ने नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यशाला में सहभागी होकर पर्यावरण संरक्षण के साथ पारंपरिक गणेशोत्सव मनाने तथा पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव की संकल्पना को सफल बनाने में योगदान देने का आह्वान किया है.





