जवाहर मंडल में 9 को श्री का आगमन

श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन की भव्य झांकी

* होगी भस्मारती और विसर्जन भी रहेगा भव्य दिव्य
अमरावती/दि.2– स्थापना के 75 वें वर्ष मना रहे जवाहर गेट स्थित जवाहर युवक गणेश मंडल ने इस बार श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन की भव्य झांकी प्रदर्शित करने का निर्णय किया है. उसकी तैयारी में मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुट गये हैं. अपने गणपति को जवाहर गेट के राजा कहलाना पसंद करनेवाले युवक मंडल के पदाधिकारियों ने मंगलवार 1 सितंबर को पंडाल का भूमिपूजन गोधूलि बेला में किया. पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ किए गये भूमिपूजन कार्यक्रम में परिसर के व्यापारी, गणमान्य और मंडल के हितचिंतक उत्साह से उपस्थित रहे. पंडाल का निर्माण तत्काल प्रारंभ हो गया.
9 सितंबर को आगमन
जवाहर गेट के राजा गणपति का मंगलमय आगमन आगामी 9 सितंबर को किया जायेगा. उस समय भी शोभायात्रा और गाजे बाजे से श्री गणराय को लाया जायेगा. अंबानगरी में कदाचित पहली बार जवाहर गेट के राजा का आगमन गणेश चतुर्थी से पहले किया जा रहा है. ताकि पंडाल और झांकी का निर्माण व्यवस्थित हो सके. गणराया की विधिवत स्थापना गणेश चतुर्थी सोमवार 14 सितंबर को विधि विधान से होगी. जवाहर गेट स्थित पंडाल का निर्माण् कलाकारों द्बारा चाव से किया जा रहा है.
21 को भव्य महाआरती
उज्जैन के महाकाल की 12 ज्योतिर्लिंग में गणना होती है. उनकी नित्य तडके भस्मारती होती है. अत: यहां स्थापित महाकाल शिवलिंग की भी भस्मारती का भव्य दिव्य आयोजन आगामी सोमवार 21 सितंबर को सायं 8 बजे किया गया है. यह जानकारी देते हुए मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि हूबहू उज्जैन जैसा वातावरण तैयार करने का प्रयत्न है. महाकाल की नगरी समान भक्ति, सेवा, संस्कार, अध्यात्म का केन्द्र 10, 11 दिनों तक यहां रहेगा. इसके लिए सभी प्रयत्नशील है. उज्जैन के मंदिर समान दर्जनों फीट उंचा शिखर रहेगा और प्रसादी आदि का भी प्रबंध उज्जैन समान रखने का प्रयास जवाहरगेट युवक मंडल कर रहा है. मंडल का प्रत्येक कार्यकर्ता जुट गया है. युवक मंडल की समाज माध्यमों पर वेबसाइट और खाते खुल गये हैं. जिसके माध्यम से 1951 में स्थापित मंडल अपने आयोजनों की जानकारी प्रसारित कर रहे हैं. सैकडों की संख्या में लोग विशेषकर महाकाल भक्त आयोजन से जुडे हैं. इस बार जवाहर गेट में गणेशोत्सव की अनूठी, अनुपम, अनोखी, अद्बितीय छटा रहेगी. उत्सव दौरान भजन संध्या के बडे स्वरूप में आयोजन का भी प्रयास हो रहा है.

Back to top button