शहर से दर्जनों आरोपियों पर तड़ीपारी की तैयारी
त्योहारों से पहले अमरावती पुलिस का बड़ा एक्शन

* दहीहंडी और गणेशोत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट
* सभी थानों के साथ अपराध शाखा भी मैदान में
* सीपी ओला ने बैठक लेकर जारी किए सख्त निर्देश
अमरावती/दि.2 – दहीहंडी और गणेश चतुर्थी समेत आगामी त्योहारों के मद्देनजर अमरावती शहर पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है. आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए शहर के विभिन्न पुलिस थानों में तड़ीपारी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है, जबकि कुछ मामलों में तड़ीपारी के आदेश भी जारी किए जा चुके हैं.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश के बाद शहर के सभी थानों के साथ अपराध शाखा भी इस विशेष अभियान में सक्रिय हो गई है. पुलिस की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान संभावित आपराधिक गतिविधियों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर पहले से ही अंकुश लगाना है.
* थानेदारों की बैठक के बाद कार्रवाई तेज
बता दे कि, दो दिन पहले पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने शहर के सभी थानेदारों की बैठक लेकर आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नजर रखने, पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त करने तथा आपराधिक गतिविधियों में लिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे. इसके बाद शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है. पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले और लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले आरोपियों की जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है.
* कई थानों में तड़ीपारी की प्रक्रिया जारी
पुलिस के इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न थानों में दर्जनों आरोपियों के खिलाफ तड़ीपारी की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ मामलों में प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि कुछ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी भी की जा चुकी है. पुलिस का मानना है कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुराने विवाद, गुटबाजी अथवा आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों की गतिविधियां कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ऐसे तत्वों को पहले ही चिन्हित कर कार्रवाई कर रही है.
* गाडगेनगर पुलिस की एमपीडीए कार्रवाई
इसी अभियान के तहत गाडगेनगर पुलिस ने निखिल नामक आरोपी के खिलाफ एमपीडीए के तहत कार्रवाई की है. कार्रवाई के बाद उसे एक वर्ष के लिए जेल भेजा गया है. पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल अन्य आरोपियों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है.
* गणेशोत्सव तक और तेज होगा अभियान
दहीहंडी के बाद गणेशोत्सव सहित कई महत्वपूर्ण त्योहार सामने हैं. ऐसे में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. आने वाले दिनों में तड़ीपारी, एमपीडीए, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और अन्य कानूनी कदमों का सिलसिला और तेज होने की संभावना है. पुलिस का स्पष्ट उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखना है. इसके लिए संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर और जरूरत के अनुसार तत्काल कानूनी कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है.





