गणेश मंडलों को निर्देशों का पालन करने की ताकीद
लटके तार और गड्ढों तत्काल ठीक करें

* पुलिस आयुक्तालय की बैठक में सीपी और कमिश्नर के निर्देश
अमरावती /दि.2- 14 सितंबर से शुरु हो रहे 10 दिवसीय गणेशोत्सव के पूर्व आज पुलिस आयुक्तालय के बेसमेंट में सभी संबंधित विभागों, महापालिका आयुक्त, पुलिस आयुक्त ने खास बैठक आहूत की. जिसमें सैकडों मंडलों के पदाधिकारी और अनेक विभागों के अधिकारी मौजूद थे. इस समय गणेशोत्सव से पहले शहरभर में लटकते केबल और इलेक्ट्रीक वायर की समस्या दूर करने के साथ ही प्रमुख मार्गों के गड्ढों की मरम्मत का भी निर्देश मनपा आयुक्त मंगेश गोंदावले और पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने दिए. उन्होंने मंडलों से भी शासन-प्रशासन के सभी निर्देशों का अवलंब करने का अनुरोध किया.
बैठक में सीपी ओला, मनपा कमिश्नर मंगेश गोंदावले, सभी डीसीपी, शांति समिति के सदस्य, महावितरण के अधिकारी, अभियंता, लोक निर्माण विभाग के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व चिकित्सक मौजूद थे. मीटिंग में लटकते केबल वायर, इलेक्ट्रीक वायर के साथ ही पेडों की फैली टहनियों की छटाई के भी निर्देश दिए गए, ताकि मूर्तियों के स्थापना और विसर्जन जुलूस दौरान कोई घटना न हो जाए. उसी प्रकार रुग्ण वाहिका तथा दमकल को हर वक्त मुश्तैद रहने के निर्देश दिए गए. बता दें कि, शहर में पिछले वर्ष 590 सार्वजनिक मंडलों में गणेश स्थापना की गई थी. इस बार भी आंकडा इतना ही रहने की पूर्ण संभावना है. अत: पुलिस और प्रशासन संपूर्ण तैयारी में लगा है.





